बरेली: सेवा कार्य में भेदभाव की कोई जगह नहीं, कोरोना काल में मिला प्रमाण: होसबोले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। सेवा कार्य में भेदभाव की कोई जगह नहीं है जिसका प्रमाण कोरोना काल में देखने को मिला है। विश्व के अन्य देशों में कोरोना काल के दौरान हंगामा, बवाल हुआ पर अपने देश में ऐसा नहीं हुआ। कहीं भी तोड़फोड़ और नारेबाजी की घटना नहीं हुई। सेवा करने वाले से उसका धर्म, …

अमृत विचार, बरेली। सेवा कार्य में भेदभाव की कोई जगह नहीं है जिसका प्रमाण कोरोना काल में देखने को मिला है। विश्व के अन्य देशों में कोरोना काल के दौरान हंगामा, बवाल हुआ पर अपने देश में ऐसा नहीं हुआ। कहीं भी तोड़फोड़ और नारेबाजी की घटना नहीं हुई। सेवा करने वाले से उसका धर्म, जाति और जिसको मदद दी गई, उसका जाति-धर्म नहीं पूछा गया। सबको साथ लेकर चलने का भाव संघ में रचा बसा है। ये बातें बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने शहर में संघ के नये केशव कृपा भवन के लोकार्पण के मौके पर कहीं।

उन्होंने कहा कि संघ सभी को मनुष्य मान कर भारत में समान विचारधारा के नजरिये से देखता है, क्योंकि ईश्वर ने केवल मनुष्य के रूप में जन्म दिया है। समाज एक देवता के समान है। स्वयंसेवकों द्वारा कोरोना काल में प्रवासी मजूदरों की मदद अनुकरणीय है। संघ कभी भी प्रसिद्धि के लिए कोई कार्य नहीं करता है। स्वयंसेवक अपने कार्य के प्रचार से दूरी बनाकर रहते हैं। समाज को देवता मानकर सभी को राष्ट्रहित में कार्य करना होगा। इससे विश्व में हमारी अलग पहचान बनेगी। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर का निर्माण कार्य पूरा होने से सकल विश्व में उत्साह की जागृति होगी। इसके लिए जनशक्ति का सहयोग जरूरी है। मंदिर निर्माण से समाज से अंधेरा मिटेगा। इसके लिए पूरे मनोयोग से सहयोग करने की जरूरत है।

संघ के प्रयास से विश्व में चिंतन की दिशा बदली

आरएसएस के नये भवन के लोकार्पण के अवसर पर आए जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राज राजेश्वराश्रम ने कहा कि पूरा विश्व हमारे चिंतन को अपना रहा है। संघ के प्रयास से विश्व के चिंतन की दिशा बदल रही है। बदलाव के साथ सबसे जरूरी हृदय का परिवर्तन करना होगा। संघ ऐसा विश्वविद्यालय है जो इस कल्पना को पूरा कर रहा है।

विश्व में हमारे विचारों की स्वीकार्यता बढ़ी

अखिल भारतीय सह संपर्क प्रमुख रामलाल ने कहा कि दुनिया में हमारे विचारों की स्वीकार्यता तेजी से बढ़ रही है। अभी निरंतर इसे प्रभावी बनाने का कार्य करना होगा। सकारात्मक सोच के बल पर हमें दुनिया के अन्य देशों को पीछे छोड़ना होगा। किसी रेखा को मिटाने का नहीं बल्कि बड़ी रेखा खींचने का कार्य करना होगा।

दत्तात्रेय होसबोले और रामलाल ने की ‘अमृत विचार’ अखबार की सराहना

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले और अखिल भारतीय सह संपर्क प्रमुख रामलाल को बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डा. केशव कुमार अग्रवाल ने ‘अमृत विचार’ अखबार की प्रतियां भेंट कीं। आरएसएस के उच्च पदों पर आसीन इन दोनों पदाधिकारियों ने ‘अमृत विचार’ अखबार की सराहना की।

संबंधित समाचार