बदायूं : गोवंश को रौंदने वाले ट्रक चालक की पिटाई, राजमार्ग पर बजरंग दल ने किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उसावां, अमृत विचार। रेत से ओवरलोड डंपर ने राजमार्ग पर बैठे गोवंश को रौंद दिया। डंपर में फंसा गोवंश तकरीबन सवा किमी दूर तक रगड़ता हुआ गया। राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों ने घटना देखी तो डंपर का पीछा करके पकड़ लिया। चालक की पिटाई लगा दी। 

बचाने आए पुलिसकर्मी और होमगार्ड के सामने भी चालक को पीटा। चालक ने सिपाही के पैर छूकर मदद की गुहार लगाई। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राजमार्ग पर हंगामा किया। राजमार्ग पर बैठकर प्रदर्शन किया। थाना प्रभारी वीरपाल सिंह तोमर के समझाने पर लोग माने और राजमार्ग से हटे। जेसीबी की मदद से गोवंश को दफन किया गया। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू की है।

कस्बा उसावां के वार्ड 8 निवासी व राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता अतुल गुप्ता पुत्र पूरन लाल की ओर से चालक पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जिसके अनुसार 24 अगस्त की रात लगभग पौने 10 बजे एक डंपर शाहजहांपुर के कस्बा कलान की ओर से बदायूं की ओर आ रहा था। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद राजमार्ग पर थाना उसावां क्षेत्र में स्थित एसएसके लॉन के सामने से गुजरा। जहां सड़क पर कुछ गोवंश बैठे हुए थे। डंपर चालक एक गोवंश को कुचलकर आगे चलता चला गया। गोवंश डंपर में फंस गया। इसके बाद भी चालक ने डंपर नहीं रोका और आगे थाने तक ले गया। 

अतुल गुप्ता और उनके संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता राहुल गुप्ता, रितिक, चमन, लाल सिंह, सुनील, रतन, सचिन, नन्हें, मनोज, शैलेश, शंकर, शिवम, शिवांग व विजय आदि ने पीछा करके डंपर को बमुश्किल उसे रोक लिया। डंपर में फंसे गोवंश को देखा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डंपर चालक ने अपना नाम कोतवाली बिल्सी क्षेत्र के कस्बा के वार्ड 8 निवासी सलमान पुत्र शराफत बताया। 

डंपर नंबर यूके 04 सीबी 1414 था। डंपर अवैध गंगा रेत से ओवरलोड भरा हुआ था। लोगों ने चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। डंपर चालक के खिलाफ पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम, गोहत्या निवारण अधिनियम आदि के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज की गई है।

संबंधित समाचार