भाजपा ने प्रजापति समाज के साथ किया अन्याय: अखिलेश यादव
लखनऊ, अमृत विचार: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने प्रजापति समाज के साथ अन्याय किया है। पीडीए नेताओं को झूठे मुकदमों में जेल भिजवाया हैं। खनन की लूट मची है। उसने भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ दिए है। सपा सरकार में तालाबों में प्रजापति समाज को पट्टे दिए थे उन्हें भाजपा सरकार ने निरस्त कर दिया।
सपा प्रमुख सोमवार को पार्टी मुख्यालय में प्रजापति समाज को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राजा दक्ष प्रजापति और मंडल कमीशन के चेयरमैन बिंदेश्वरी प्रसाद मंडल के चित्रों पर माल्यार्पण कर नमन किया। अखिलेश यादव ने सामाजिक न्याय राज की स्थापना करने के लिए सभी के सहयोग का आवाह्न किया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर प्रजापति समाज की भागीदारी होगी। उप्र.के निर्माण में प्रजापति समाज आगे रहेगा। प्रजापति समाज मिट्टी को सोना बनाता है। इस नई व्यवस्था में प्रजापति समाज सामाजिक नींव को मजबूत बनाने का काम करेगा। सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार चाहती है कि सब लोग पिएं, कोई पढ़ाई न करे। सरकार ने शराब की ज्यादा दुकानें खोल दी है। सपा में सभी जिला एवं विधानसभा क्षेत्र के नामित प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया गया है। यह आदेश प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर जारी किया है।
