नवजात का शव कलेक्ट्रेट में लेकर पहुंची मां...पुलिस वाले धक्के से गर्भ में शिशु की मौत का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। लखीमपुर खीरी की तर्ज पर मंगलवार को शाहजहांपुर में भी दिल दहला देने वाला दृश्य सामने आया। कांट थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला अपने शिशु का शव गोद में लेकर परिजनों संग कलक्ट्रेट पहुंची। शव देखकर वहां मौजूद लोग दंग रह गए। महिला ने आरोप लगाया कि सोमवार को पुलिसकर्मियों ने झोपड़ी खाली कराने के दौरान उसे जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गई और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई।

कांट क्षेत्र के गांव अकर्रा रसूलपुर निवासी गुड्डी की पत्नी रवीना ने अधिकारियों को बताया कि वह साढ़े सात महीने की गर्भवती थी। पुलिस जब झोपड़ी खाली कराने पहुंची तो उसने गुहार लगाई कि पति घर पर नहीं हैं और परिजन आने पर वह खुद सामान हटा देगी। आरोप है कि इस बीच एक महिला सिपाही ने उसे जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह पेट के बल गिर गई और गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई। 

रवीना का कहना है कि जब वह शिकायत लेकर थाने पहुंची तो पुलिस ने गाली-गलौज कर भगा दिया। बाद में वह मंगलवार को शिशु का शव गोद में लेकर कलक्ट्रेट पहुंची और अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। प्रशासनिक अधिकारियों ने महिला को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा है।

संबंधित समाचार