रामपुर : ऑटो ने सड़क किनारे महिला को मारी टक्कर, मौत
सिविल लाइन थाना क्षेत्र का मामला, चालक पर रिपोर्ट दर्ज
रामपुर, अमृत विचार: गाड़ी का इंतजार कर रही महिला को आटो चालक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। उपचार को ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया है।
शहजादनगर थाना क्षेत्र के गांव मडैयाल बल्लू निवासी उरमान सिंह का कहना है कि वह रविवार दोपहर में पत्नी मानवती के साथ ससुराल पटवाई के गांव बिसरा गए थे। सोमवार दोपहर घर वापस जाने के लिए सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांव नारायनपुर के पास 27 वर्षीय मानवती उसका पांच साल बेटा और पति वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी पटवाई की तरफ से आ रहे ऑटो ने मानवती को टक्कर मारकर घायल कर दिया। हादसे के बाद मौके पर लोग एकत्र हो गए। उसके बाद महिला का पति उरमान सिंह को सवारी से लेकर अस्पताल की ओर भागे। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखकर उसको बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद रेफर कर दिया था। रास्ते में उसकी मौत हो गई। उसके बाद परिजन शव को लेकर अस्पताल आ गए। बाद में पुलिस भी आ गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया। मृतका के पति की तहरीर के आधार पुलिस ने ऑटो चालक पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं मानवती के घर पर लोगों का पूरा दिन तांता लगा रहा। सभी लोग शव आने का इंतजार करते रहे। दोपहर बाद शव पहुंचने के बाद उसका अंतिम संस्कार किया।
