लखीमपुर खीरी : नकाबपोश बदमाशों ने नगदी-जेवर न बताने पर पिटाई कर महिला को घोंपा चाकू, हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

तीन बच्चों के साथ घर के कमरे में सो रही थी महिला

निघासन, अमृत विचार: कोतवाली क्षेत्र के गांव रानीगंज में मंगलवार की रात हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। घर में घुसे नकाबपोश बदमाशों ने कमरे में अपने तीन बच्चों के साथ सो रही एक महिला को दबोच लिया। पिटाई कर उससे नगदी-जेवर के बारे में पूछने लगे। महिला के न बताने और शोर करने पर बदमाश चाकू मारकर भाग निकले। इससे महिला घायल हो गई। जिसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौका मुआयना कर महिला से पूछताछ की।

रानीगंज निवासी मंशा राम का बड़ा बेटा नरेंद्र कुमार रोज की तरह रात में गुरुद्वारे के पास आटा चक्की पर सोने चला गया था। घर में उसकी पत्नी सरिता अपने तीन छोटे बच्चों साक्षी, रिया और राजन के साथ कमरे में सो रही थी। आंगन में उसकी मां निर्मला देवी सोई हुई थीं। इसी बीच रात करीब साढ़े 11 बजे दो अज्ञात बदमाश घर में घुस आए। दोनों बदमाश मुंह पर ढाटा बांधे हुए थे। बदमाशों ने सबसे पहले कमरे का बल्ब बंद कर दिया और सरिता का मुंह दबोच लिया। उन्होंने घर में रखे नगदी और जेवरात के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। सरिता ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और उसे धक्का देकर गिरा दिया। महिला के चीखने-चिल्लाने पर बदमाश मौके से भाग खड़े हुए। महिला की सास निर्मला देवी ने बताया कि बदमाशों ने उन्हें कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया था, जिससे वह कुछ भी समझ नहीं पाईं। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ घायल सरिता को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस घटना ने ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत दोनों पैदा कर दी है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग रहा है। वहीं कोतवाल महेशचंद्र ने बताया कि पुलिस ने मौके का मुआयना किया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

संबंधित समाचार