बदायूं : अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत दो की मौत
शहर की केशव चौकी और उसावां क्षेत्र में राजमार्ग स्थित काली मंदिर पर हुए हादसे
बदायूं, अमृत विचार: अलग-अलग सड़क हादसों में बुजुर्ग महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र में केशव पुलिस चौकी के पास ट्रक ने महिला को कुचला जबकि उसावां थाना क्षेत्र में किसी वाहन की टक्कर से पिकअप चालक की मौत हुई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम को भेज दिया। मौत के बाद परिजनों में चीत्कार मचा है।
हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव खरकन नगला निवासी अनुराधा (58) अपने शिक्षक पति सुरेंद्र पाल सिंह से साल 2008 से अलग रह रही हैं। वर्तमान में वह सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में आवास विकास कॉलोनी में किराए पर कमरा लेकर रह रही हैं। शुक्रवार सुबह वह अपने मकान संबंधी पेशी के लिए कचहरी जा रही थीं। उनके मकान पर किसी ने कब्जा कर लिया है। रास्ते में केशव पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार से आए डंपर ने अनुराधा को कुचल दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पहचान करके उनके परिजनों को सूचित किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी। दूसरा हादसा मुरादाबाद-फर्रुखाबाद राजमार्ग पर थाना उसावां क्षेत्र में हुआ। उसावां थाना क्षेत्र के गांव असधरमई निवासी मुनेंद्र (40) पुत्र साहब सिंह पिकअप चलाते थे। गुरुवार रात वह जिला शाहजहांपुर के कलान क्षेत्र में सामान उतारकर वापस लौट रहे थे। रात लगभग 11 बजे राजमार्ग स्थिल काली मंदिर के पास किसी वाहन से उनकी पिकअप की भिड़ंत हो गई। मुनेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।
