रामपुर : जांच करने पहुंची टीम से अस्पताल भवन स्वामी ने की अभद्रता

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

टीम को दी गोली मारने की धमकी, घंटों हुआ हंगामा, अस्पताल सीज

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: प्रसूता की मौत के बाद मोहल्ला कपूरथला स्थित शिव शक्ति हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर सील करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग को कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। काफी हंगामे के बाद पुलिस के पहुंचने पर टीम अस्पताल को सील कर सकी। आरोप है कि इस दौरान अस्पताल भवन स्वामी ने अपने साथी अधिवक्ताओं के साथ मिलकर गोली मार देने की धमकी दी। घटना के बाद से स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में भारी रोष है।

थाना व कस्बा शारदानगर निवासी लव कुश की पत्नी आरती (22) को प्रसव पीड़ा के चलते शिव शक्ति हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को दोपहर करीब 12 बजे बच्ची को जन्म देने के बाद आरती की तबीयत खराब अधिक बिगड़ गई। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों ने गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया था। मौके पर भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे शहर कोतवाल हेमंत राय ने किसी तरह से परिवार वालों को समझाया बुझाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। शुक्रवार की शाम करीब चार बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रवि मोहन गुप्ता के नेतृत्व में अस्पताल पहुंची। बताते हैं कि टीम ने पहले नीचे के कमरों को सील करने की कोशिश की तो कुछ लोगों ने विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। किसी तरह से टीम ने नीचे के तीन कमरों को सील किया। इसके बाद जब वह ऊपर के कमरों में रखीं मशीनें जब्त करने लगी तो वहां मौजूद एक महिला ने विरोध किया। बताते हैं कि महिला के बुलाने पर मौके पर कुछ वकील भी आ गए। एसीएमओ डॉ. रवि तिवारी ने बताया कि मौके पर पहुंचे चार-पांच वकीलों ने उनके व टीम के साथ अभद्रता की। भवन मालिक अधिवक्ता आशीष राबड़ा ने अपने साथी वकीलों को बुलाकर टीम को घर में घुसते ही गोली मार देने की धमकी दी। मौके पर पहुंची पुलिस के हस्तक्षेप के बाद अस्पताल को सील किया गया। स्वास्थ्य विभाग अब आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी में है।   

कर्तव्य से पीछे नहीं हटूंगा भले ही गोली मार दो
हंगामे और धमकी के बीच एसीएमओ डॉ. रवी मोहन गुप्ता ने कहा कि वे सिर्फ सरकारी काम करने आए हैं, धमकियों से अवैध अस्पताल बचाया नहीं जा सकता। उन्होंने इसे कानून और नैतिकता दोनों के खिलाफ बताया। उन्होंने धमकी देने वाले अधिवक्ता से कहा कि मैं अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटूंगा भले ही गोली मार दो। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है और स्वास्थ्य विभाग की ओर से धमकी देने वाले अधिवक्ता व अन्य सहयोगियों पर रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।

संबंधित समाचार