UP : आकाशीय बिजली गिरने से होमगार्ड के बेटे की मौत, साथी झुलसा
धौरहरा, अमृत विचार। घाघरा नदी किनारे स्थित खेतों की तरफ काम करने जा रहे थाना ईसानगर के गांव शिवपुर निवासी होमगार्ड के बेटे की आकाशीय बिजली की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी भी झुलस गया। दो अन्य लोग भी बाल-बाल बच गए। मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव शिवपुर निवासी होमगार्ड अवधेश मिश्रा का पुत्र रोहित उर्फ विपुल मिश्रा(20) रविवार की सुबह खेतों में काम करने घाघरा नदी पार गया था। इसी दौरान करीब साढ़े ग्यारह बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। गरज चमक के साथ बारिश होने लगी। इस पर रोहित अपने साथी श्रीधर के साथ बंधा किनारे पड़ी एक झोपड़ी में चला गया और वहीं बैठ गया। बताते हैं कि इसी बीच तेज आवाज के साथ बिजली कड़की बिजली झोपड़ी पर गिर गई, जिससे रोहित की मौके पर ही झुलसने से मौत हो गई, जबकि असका साथी श्रीधर भी काफी झुलस गया। पड़ोस में बैठे श्याम बिहारी और छंगा बाल बाल बच गए।
उन्होंने परिवार को सूचना दी। परिजन और तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नाव से शव शिवपुर लेकर आए। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। झुलसे युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विधायक और प्रशासनिक अफसरों ने दी सांत्वना
आकाशीय बिजली से युवक की मौत की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर विधायक विनोद शंकर अवस्थी, एसडीएम शशिकांत मणि, तहसीलदार आदित्य विशाल मृतक रोहित के घर पहुंचे। परिवार वालों से घटना की जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाया। तहसीलदार आदित्य विशाल ने बताया पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को चार लाख की आर्थिक सहायता दैवीय आपदा के तहत दी जाएगी। युवक की मौत से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
