बरेली: बिना हाथों के बना रहे पेंटिंग और बिना म्यूजिक करते हैं नृत्य
रजनेश सक्सेना, बरेली। सामान्य बच्चों के लिए किसी भी प्रतियोगिता को जीतना एक अलग बात है मगर बिना हाथों के पेंटिंग करना, बिना देखे क्राफ्ट बनाना, बिना बोले और आवाज सुने गाने पर नृत्य करके विजेता बनना एक अलग ही हुनर है। कुछ इसी तरह का हुनर दिखाने वाले हैं बरेली जिले के दिव्यांग बच्चे। …
रजनेश सक्सेना, बरेली। सामान्य बच्चों के लिए किसी भी प्रतियोगिता को जीतना एक अलग बात है मगर बिना हाथों के पेंटिंग करना, बिना देखे क्राफ्ट बनाना, बिना बोले और आवाज सुने गाने पर नृत्य करके विजेता बनना एक अलग ही हुनर है। कुछ इसी तरह का हुनर दिखाने वाले हैं बरेली जिले के दिव्यांग बच्चे। इन बच्चों का डीएम की ओर से शुरू की गई वेबसाइट ‘हुनर’ सर्च फॉर टैलेंट पर पंजीकरण कराया गया है। अब तक करीब 50 से अधिक बच्चे पंजीकरण करा चुके हैं। इन्होंने अपने वीडियो, ऑडियो और फोटो वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं।
डीएम नितीश कुमार ने बीते दिनों कक्षा 10वीं तक के बच्चों का हुनर जानने के लिए हुनर नाम की वेबसाइट शुरू की थी। बच्चों को हुनर दिखाने के लिए इस वेबसाइट पर पंजीकरण कराकर वीडियो, फोटो या ऑडियो अपलोड करना था। बच्चे नृत्य, कला, विज्ञान, क्राफ्ट, गाना आदि किसी में भी अपना हुनर दिखा सकते हैं। इसमें अधिकांश सामान्य बच्चों ने ही अपनी वीडियो अपलोड की मगर लॉकडाउन में शुरू हुए ‘वन टीचर वन कॉल’ अभियान के तहत इससे दिव्यांग बच्चों को भी जोड़ा गया। अब ये बच्चे भी अपना हुनर दिखा सकेंगे।
डीआईओएस डॉक्टर अमरकांत सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता में इन बच्चों की श्रेणी को ही अलग कर दिया गया है। सामान्य बच्चों से इनकी तुलना नहीं की जाएगी। तीन बच्चों को सामन्य श्रेणी से चुना जाएगा तो तीन दिव्यांग श्रेणी से चयनित किए जाएंगे। इसके बाद उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा।
प्रधानाध्यापिका ने शुरू किया ‘वन टीचर वन कॉल’ अभियान
भुता ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय डभोरा गंगापुर की प्रधानाध्यापिका दीपमाला पांडेय ने बताया कि उन्होंने लॉकडाउन में यह अभियान शुरू किया। वह अधिकांश दिव्यांग बच्चों के संपर्क में रहती हैं। जब उन्होंने देखा कि वेबसाइट पर सिर्फ सामान्य बच्चे ही पंजीकरण करा रहे हैं तो उन्होंने उच्चाधिकारियों से इन बच्चों के लिए स्पेशल अनुमति मांगी। इस पर वे तैयार हो गए और दिव्यांग बच्चों को भी अपना हुनर दिखाने का मौका मिला।
