हरदोई: 2 दिन बाद बरामद हुआ शव, बहन से खफा भाई ने शारदा नहर में लगाई थी छलांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुरसा/हरदोई, अमृत विचार। बहन से खफा हुए भाई ने शनिवार को मझिला पुल से शारदा नहर में छलांग लगा दी थी, उसे ढूंढने के लिए गोताखोर बुलाए गए, उसके बाद पीएसी गोताखोरों को नहर में उतारा गया। तब से लगातार रेस्क्यू जारी था, सोमवार की सुबह तीसरे दिन शव बरामद हो सका। बताते चलें कि कोतवाली देहात के  महोलिया शिवपार निवासी 35 वर्षीय पप्पू कश्यप पुत्र शिवलाल की बहन सुरसा थाने के मझिला गांव में ब्याही है। 

शनिवार को पप्पू उसकी ससुराल गया हुआ था, वहीं दोनों भाई-बहन के बीच कुछ ऐसी बात हो गई जो भाई को इतनी बुरी लगी कि वह चुपचाप बहन के घर से निकल कर टहलता हुआ मझिला पुल पर पहुंचा और वहीं से नहर में छलांग लगा दी। इसका पता होते ही वहां भीड़ लग गई। 

पुलिस ने पहुंच कर तुरंत गोताखोरों को बुलाया। उसे ढूंढ रहे गोताखोरों ने नहर में जाल बिछाया, लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ, उसके बाद रविवार को पीएसी गोताखोरों की टीम स्टीमर ले कर नहर में उतरी, देर शाम तक उसके हाथ कुछ भी नहीं आया, सोमवार की सुबह तीसरे दिन पप्पू कश्यप का शव अंटवा नहर पुल के पास से बरामद किया जा सका। पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लेते हुए उसका पोस्टमार्टम कराया है।

संबंधित समाचार