UP : उफनाते नालों में गिरकर हेड कांस्टेबल व 4 साल की बच्ची की मौत
संभल/चंदौसी। संभल जनपद में लगातार बरसात के बाद जलभराव के हालात में चंदौसी मेला गणेश चौथ में ड्यूटी के लिए पहुंचे बाइक सवार हेड कांस्टेबल की गहरे नाले में गिर जाने से मौत हो गई। वहीं संभल में रायसत्ती देवी के थान पर जात लगाने आए दंपती की चार साल की बेटी गहरे नाले में डूब गई।
बिजनौर के नगीना थाना क्षेत्र के गांव पुरेनी निवासी 40 वर्षीय रजनीश हेड कांस्टेबल था। उसकी तैनाती बहजोई पुलिस लाइन में थी जबकि इन दिनों उसे मेला गणेश चौथ में मुंशी के रूप में तैनात किया गया था। सोमवार को सुबह 11 बजे रजनीश बाइक से पुलिस लाइन से गणेश चौथ मेला ड्यूटी के लिए आ रहा था। तेज बरसात की वजह से सड़कों पर जलभराव था वहीं नाले भी उफनाये हुए थे। मेला स्थल से कुछ पहले चंदौसी के मोहल्ला वाल्मीकि बस्ती में सड़क जल मग्न होने की वजह से नाले की पुलिया रजनीश को दिखाई नहीं दी।
बाइक फिसल गई और हेड कांस्टेबल रजनीश गहरे नाले में गिर गया। रजनीश ने नाले से निकलने का काफी प्रयास किया। वहां कोई मदद करने वाला भी उस समय नहीं था। छटपटाता हुआ रजनीश नाले में बह गया। 15 से 20 मिनट के बाद लोगों देखा तो बाइक स्टार्ट सड़क किनारे पड़ी थी। खोजबीन की तो कुछ दूर नाले में रजनीश पड़ा दिखाई दिया। मोहल्ले वालों ने उसे नाले से निकाला और पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस के साथ ही सीओ अनुज चौधरी मौके पर पहुंचे और रजनीश को चंदौसी सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस कर्मी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मौके पर साक्ष्य संकलित करने के लिए फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची ।
पत्नी व दो बेटों का रोकर बुरा हाल
हादसे में पति की मौत की जानकारी मिलते ही रजनीश की पत्नी मिथलेश तुरंत चंदौसी सीएचसी पहुंच गई। पति का शव देखते ही मिथलेश बेसुध होकर गिर पड़ी। होश आया तो दहाड़ें मारकर रोने लगी। पिता की मौत के बाद दोनों बेटों मयंक व वंश का भी बुरा हाल था। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि हेड कांस्टेबल रजनीश कुमार चंदौसी मेले में मुंशी के तौर पर तैनात थे। शव पोस्टमार्टम के बाद राजकीय सम्मान के साथ विदाई दी जाएगी।
