Bareilly : बारिश में जर्जर मकान भरभराकर गिरा, बच गए महिलाएं-बच्चे
बरेली, अमृत विचार। किला थाना क्षेत्र के मोहल्ला मलूकपुर में दो सौ साल पुराना जर्जर मकान मंगलवार सुबह तेज बारिश में भरभराकर गिर गया। जिस समय हादसा हुआ उस समय बच्चे और महिलाएं घर में सो रही थीं। हालांकि हादसे में सभी बाल-बाल बच गए। मलबे में पूरा सामान दब कर पूरी तरह से नष्ट हो गया।
मलूकपुर निवासी अशरफ खां ने बताया कि उनका करीब दो सौ साल पुराना पुस्तैनी मकान है, जो लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ा था। घर में उनकी पत्नी नाहिद उर्फ हुस्ना दो छोटे बच्चों के साथ अंदर सो रही थीं। घर में उसकी भाभी अंजुम भी मौजूद थीं। मंगलवार सुबह करीब चार बजे अचानक जोरदार आवाज के साथ छत और दीवारें गिर गईं। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला।
अशरफ खां ने बताया कि मकान की मरम्मत कई सालों से नहीं हो पाई थी। लगातार बारिश से दीवारें कमजोर हो गई थीं और इसी वजह से पूरी इमारत गिर गई। हादसे में बर्तन, कपड़े और अन्य सामान मलबे में दब गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की।
