UP : बैंक में CBI ने मारा छापा...मैनेजर 30 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
चंदौसी, अमृत विचार। चंदौसी के संभल गेट स्थित प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक में सीबीआई की टीम ने छापेमारी कर 30 हजार की रिश्वत लेते हुए बैंक प्रबंधक को पकड़ा है। टीम ने बैंक प्रबंधक व फील्ड ऑफिसर के घरों पर भी सघन तलाशी ली है। देर रात तक टीम कार्रवाई में जुटी रही।
मंगलवार को दोपहर 1:30 बजे बैंक के बाहर सीबीआई की टीम घूमती रही। दोपहर बाद 3:45 बजे टीम ने बैंक में प्रवेश किया तो बैंक मैनेजर पिंकेश और फील्ड ऑफिसर को युवक से लोन स्वीकृत करने के नाम पर तीस हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिय। बैंक मैनेजर व फील्ड ऑफिसर द्वारा लोन मंजूर करने की एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत सीबीआई से की गई थी।
बैंक मैं कार्रवाई के साथ ही सीबीआई की टीम ने मैनेजर और फील्ड ऑफिसर के घर पर भी छापे मारे। देर रात तक दोनों से टीम पूछताछ करती रही। सीबीआई अधिकारी मीडिया से बात करने से बचते रहे। कहा गया की कार्रवाई पूर्ण होने के बाद वह गाजियाबाद कार्यालय से कार्रवाई का प्रेस नोट जारी करेंगे।
