Bareilly : नई टाउनशिप के लिए 40 और किसान अपनी जमीन देने को तैयार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 बीडीए की पीलीभीत बाईपास पर नई टाउनशिप विकसित करने की कवायद तेज

बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने पीलीभीत बाईपास पर नई टाउनशिप को जल्द से जल्द धरातल पर लाने की कवायद तेज कर दी है। इसके चलते बुधवार को 40 से अधिक किसान प्राधिकरण स्थित कार्यालय में भूमि क्रय और अधिग्रहण संबंधी अपनी सहमति देने के लिए पहुंचे।

नई टाउनशिप विकसित करने के लिए कलापुर, बरकापुर, मुड़िया अहमदनगर, कुम्हरा, अडूपुरा जागीर, मोहनपुर समेत अन्य गांव के किसानों के साथ पहले से बीडीए अफसर बैठक कर सहमति देने के लिए मंथन कर रहे हैं। इस संबंध में बीडीए सचिव वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को 40 से अधिक किसानों ने लिखित रूप से भूमि क्रय करने के लिए प्रारंभिक सहमति दी है। इसके साथ ही किसानों की भूमि अधिग्रहण को लेकर कुछ शंकाएं थीं जिन्हें भी दूर किया गया है।

बीडीए सचिव ने बताया कि बीते दिनों डीएम की अध्यक्षता में क्रय समिति की बैठक हुई थी, जिसके चलते डीएम स्तर से अधिग्रहण करने वाली भूमि के मूल्य निर्धारित किए जाएंगे जिसके बाद ही भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई आरंभ होगी। इस नई टाउनशिप को विकसित करने के लिए 2000 से अधिक किसानों की भूमि का अधिग्रहण करने की योजना बनाई गई है।

संबंधित समाचार