बदायूं : चोरी करने के दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक और ई-रिक्शा बरामद
भागीरथी घाट से बाइक और राजकीय मेडिकल कॉलेज से चोरी किया था ई-रिक्शा
बदायूं, अमृत विचार: उझानी पुलिस ने सावन के महीने में कछला स्थित गंगा घाट व आसपास के जिलों से से चोरी करने के दो आरोपियों का गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो बाइक, ई-रिक्शा, तमंचा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया।
सावन के महीने में 20 जुलाई को जिला पीलीभीत का श्रद्धालु उझानी क्षेत्र में कछला स्थित भागीरथी घाट पर जल भरने आए थे। चोरों ने उनकी बाइक पर हाथ साफ कर लिया था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस चोरों की तलाश कर रही थी। कछला के चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल कुमार ने बसोमा रोड से दो लोगों को हिरासत में लिया। एक ने अपना नाम उझानी की कृष्णा कॉलोनी निवासी प्रशांत सिंह पुत्र कृष्णपाल सिंह और दूसरे ने उझानी के मोहल्ला श्री नारायणगंज निवासी पंकज गुप्ता पुत्र मदनलाल गुप्ता बताया। उनके पास से चोरी की बाइक व ई-रिक्शा बरामद हुआ।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्होंने बाइक कछला गंगा घाट और ई-रिक्शा राजकीय मेडिकल कॉलेज से चोरी किया था। इसके अलावा बरेली के कस्बा भोजीपुरा से बाइक चोरी की थी। आरोपी पंकज गुप्ता पर पहले से आर्म्स एक्ट, जुआ, धोखाधड़ी आदि की रिपोर्ट दर्ज हो चुकी हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी इंचार्ज के साथ उपनिरीक्षक विनय कुमार, हेड कांस्टेबिल अजय कुमार, अभिनय छोकर, अतेंद्र कुमार रहे।
