UP : मजार के फर्श और दीवार पर लिखा राम-राम, लोगों की सूझबूझ से शांति कायम

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

विजय नगला, अमृत विचार। एक गांव में मजार पर श्रीराम लिखकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया। गांव में हिंदू-मुस्लिम समुदाय के धार्मिक स्थल पास में बने हैं। सुबह पूजा करने के लिए आए युवक ने मजार पर राम-राम लिखा देखा तो ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ की। ग्रामीणों के अनुसार साफ-सफाई करने मानसिक मंदित व्यक्ति ने राम राम लिखा था। मामले की जांच की जा रही है।

मामला थाना बिनावर क्षेत्र के गांव रंझौरा का है। गांव से दक्षिण दिशा में तकरीबन आधा किलोमीटर दूर हिंदुओं का धार्मिक स्थल है और पास में ही मुस्लिम समाज की मजार है। एक चाहरदीवारी के भीतर दोनों स्थल पास में ही बने हुए हैं। गांव रंझोरा निवासी अजय पाल पुत्र गुबदू लगभग 20 साल से देवस्थान और मजार की साफ-सफाई और देखरेख करते आ रहे हैं। किसी ने मजार के पास फर्श और दीवार पर श्रीराम लिख दिया। बताया जा रहा है कि मुस्लिम समाज के लोगों ने अनदेखा कर दिया। 

बुधवार सुबह देवस्थान पर पूजा करने आए गांव अहरुइया निवासी अखिलेश पुत्र रामदास ने जगह-जगह पेंट से राम-राम लिखा देखा तो अपने गांव और रंझौरा के ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर दोनों समुदाय के लोग एकत्र हो गए। ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। मामले को गंभीर से लेकर थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए और उच्चाधिकारियों को सूचित किया। 

राम-राम को पेंट से पुतवाया। कुछ देर के बाद सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों से जानकारी की। ग्रामीणों ने बताया कि साफ-सफाई करने वाला व्यक्ति मानसिक मंदित है। उसने ही राम राम लिखा होगा। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। शांति व्यवस्था कायम है। थाना प्रभारी ने बताया कि हिंदू समुदाय के एक युवक ने राम-राम लिख दिया था। जिसे साफ कराया गया है। किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं आई है। मामले की जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार