लखीमपुर खीरी : यात्रियों से भरी बस पलटने से एक नेपाली नागरिक की मौत, कई घायल
पलिया, अमृत विचार। पलिया से यात्रियों को लेकर गौरीफंटा जा रही एक निजी बस कजरिया एसएसबी चौकी के निकट एक पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे में बस में सवार एक नेपाली नागरिक की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा रविवार की शाम करीब 5:20 बजे हुआ। पलिया से एक निजी बस यात्रियों को लेकर गौरीफंटा जा रही थी। कजरिया एसएसबी चौकी से करीब 150 मीटर पहले ही बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे एक पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई। शोर शराबा सुनकर मौके पर तमाम राहगीर और एसएसबी चौकी कजरिया के जवान भी मौके पर पहुंच गए।
जवानों ने लोगों के साथ मिलकर बस में फंसे सभी यात्रियों को बाहर निकाला। बताते हैं कि हादसे में नेपाली नागरिक की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। वहीं 12 से अधिक घायल यात्रियों को एसएसबी जवानों ने कजरिया पीएचसी पहुंचाया, जहां से चार की हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस के मुताबिक हादसे में मारे गए नेपाली नागरिक की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।
