शाहजहांपुर: संजय हत्याकांड का खुलासा, पत्नी ने प्रेमी से करवाई थी पति की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, शाहजहांपुर। शाहजहांपुर के कांशीराम कॉलोनी में हुए बोलेरो चालक संजय हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रेमी से शादी करने के लिए पत्नी ने शर्त रखी थी कि पति की हत्या के बाद ही शादी करेगी। शादी करने के लिए प्रेमी ने ही पति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। …

अमृत विचार, शाहजहांपुर। शाहजहांपुर के कांशीराम कॉलोनी में हुए बोलेरो चालक संजय हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रेमी से शादी करने के लिए पत्नी ने शर्त रखी थी कि पति की हत्या के बाद ही शादी करेगी। शादी करने के लिए प्रेमी ने ही पति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पति की हत्या के बाद पत्नी को कोई अफसोस नहीं है। पुलिस ने प्रेमी के साथ चालक की पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हत्या में प्रयुक्त तमंचा और वारदात के दौरान इस्तेमाल किए गए चालक की पत्नी और प्रेमी का मोबाइल भी पुलिस ने जब्त कर लिया। सर्विलांस की मदद से पूरे मामले का खुलासा हुआ।

एसपी कार्यालय सभागार में हुई प्रेसवार्ता में एसपी एस आनंद ने बताया कि तीन दिसंबर की रात चीता मोबाइल टीम आवास विकास कॉलोनी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी पॉवर हाउस के पास टीम ने संदिग्ध अवस्था में एक बोलरो खड़ी देखी। जब उसको चेक किया गया तो उसमें एक व्यक्ति की लाश पड़ी थी। पुलिस ने शिनाख्त कर उसकी पत्नी रेशमा को घटना की जानकारी दी थी। मामले में रेशमा की तरफ से अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था।

मामले की गंभीरता से लेते हुए एसपी ने पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने रेशमा और संजय के मोबाइल की सर्विलांस की मदद से कॉल डिटेल निकलवाई। इसमें रेशमा के मोबाइल से मिली कॉल डिटेल से परत दर परत खुलती गई। संजय के घर से निकलने के बाद रेशमा ने अजीजगंज निवासी सचिन को फोन किया था। इसी आधार पर पुलिस ने सचिन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सचिन ने संजय की हत्या की बात कबूल कर ली थी।

पति की हत्या की जिद पर अड़ी थी रेशमा

करीब डेढ़ साल पहले सचिन कांशीराम कॉलोनी के उसी ब्लॉक में किराए पर रहता था, जहां संजय रह रहा था। इसी दौरान सचिन और रेशमा के बीच प्रेम संबंध हो गए। रेशमा सचिन के प्यार में इतनी अंधी हो गई कि वह अपने पति की हत्या कराने की जिद पर अड़ गई। उसने सचिन से कहा कि जब तक संजय की हत्या नहीं करोगे तब तक वह उससे शादी नहीं करेगी।

सचिन भी रेशमा से शादी करना चाहता था। दोनों के बीच प्रेम संबंध का शक होने की वजह से डेढ़ वर्ष पहले सचिन ने किराए का कमरा छोड़ दिया था और अजीजगंज में रहने लगा। लेकिन दोनों के बीच प्रेम संबंध बने रहे। रेशमा ने सचिन के सामने शर्त रख दी कि संजय की हत्या के बाद ही वह उससे शादी करेगी।

सचिन ने भी संजय की हत्या करने की ठान ली। घटना की रात जब संजय घर से निकला तो रेशमा ने सचिन को संजय के घर निकलने की सूचना दे दी। सचिन बाइक लेकर पॉवर हाउस के पास पहुंच गया और संजय की गाड़ी रोक ली। जैसे ही संजय ने बोलेरो का शीशा नीचे किया वैसे ही सचिन ने उस पर तमंचे से फायर कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद रेशमा ने सचिन को फोन कर पूछा भी था कि काम हो गया या नहीं।

मोबाइल देखने पर संजय का रेशमा से हुआ था विवाद

रेशमा के पास मोबाइल नहीं था। चार अक्टूबर को जब रेशमा के पास संजय ने रेशमा के पास मोबाइल देखा तो उसको तोड़कर फेंक दिया। उसका सिम अपने दोस्त इदरीश को दे दिया। इसके बाद से संजय को सचिन और रेशमा के बीच प्रेम संबंध की जानकारी हो गई थी। इस बात को लेकर उसका सचिन से भी विवाद हुआ था। हालांकि दूसरे दिन सचिन ने रेशमा को दूसरा मोबाइल दिला दिया था।

सर्विलांस की मदद से हुआ खुलासा

पूरी घटना का खुलासा सर्विलांस की मदद से हुआ। रेशमा के पास मिले मोबाइल की कॉल डिटेल से पूरे मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। घटना के समय से लेकर उसकी लगातार सचिन से बात होती रही।

निर्दोष बच्चे रह गए पीछे

प्रेम संबंध के चलते रेशमा ने पति की हत्या तो करा दी थी लेकिन निर्दोष बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। मां भी जेल चली गई। अजय(10), अंशु (8) और चांदनी(तीन) पीछे रह गए। छोटी बेटी चांदनी रेशमा के साथ जेल में रहेगी। बाकी दोनों बच्चे संजय के परिजनों के पास रहेंगे।

संबंधित समाचार