बरेली नाट्य महोत्सव : कश्मीर की वादियों की खूबसूरती और जटिलताओं को समझाता है ''बर्फ''
बरेली, अमृत विचार। अस्तिता फाउंडेशन ड्रामा ड्रॉपआउट्स और वेग्माइन सिटी मॉल की ओर से प्रभावे ऑडिटोरियम अर्बन हाट में सातवें दिन रविवार शाम बरेली नाट्य महोत्सव में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता एवं अभिनेता सौरभ शुक्ला लिखित, अभिनीत और निर्देशित नाटक बर्फ का मंचन किया गया। डॉ. सिद्धांत कौल के किरदार में सौरभ शुक्ला ने बरेलियंस के दिलों को जीत लिया। इस नाटक के दो शो प्रदर्शित हुए और दोनों ही हाउसफुल रहे। नाटक देखकर निकले दर्शकों की जबान पर सिर्फ ''बर्फ'' की तारीफ ही थी।
नाटक ''बर्फ'' कश्मीर की खूबसूरत वादियों में सर्दियों के मौसम में स्थापित एक ऐसी थ्रिलर कहानी है, जिसमें आतंकवाद का सन्नाटा और पलायन के चलते लोग पलायन कर रहे हैं, लेकिन टैक्सी ड्राइवर गुलाम अपनी पत्नी नफीसा के साथ अकेले घर में रहता है। नफीसा को बेटे के रूप में एक गुड्डा जिगरा देता है, जिसे नफीसा अपना बेटा मानती है। नफीसा का मानना है कि मरेंगे तो अपने घर में मरेंगे, इसलिए गुलाम पत्नी के लिए उस अकेले मकान को घर बनाने कोशिश में लगा रहता है। एक दिन डॉ. कौल कश्मीर में एक कांफ्रेंस में शामिल होने के लिए जाते हैं, जहां उनकी मुलाकात गुलाम से होती है, तब गुलाम को फोन आता है कि बेटे जिगरा की तबीयत खराब है। तब डॉ. कौल उस रहस्यमयी गांव में पहुंच जाते हैं और एक रोमांचक कथा सामने आती है। बारीकी से तैयार किया गया मंच-सज्जा कश्मीर की बर्फ से ढकी भव्य घाटियों को दर्शाता है, जो एक शांत और अलग-थलग माहौल पैदा करता है। नाटक के दौरान मंच पर गिरती बर्फ का मनमोहक प्रभाव दर्शकों को पूरी तरह उस ठंडी, रहस्यमयी सुंदरता में डूबो देता है। यह सारा वातावरण आपको ऐसा महसूस कराता है मानो आप कश्मीर के दिल में मौजूद हों, जहां की सर्द, मनमोहक वादियां कहानी के रहस्य और भावनात्मक गहराई को और बढ़ा देती हैं।
नाटक के निर्माता अश्विन डी. गिडवानी, डॉ. कौल का किरदार अभिनेता सौरभ शुक्ला, गुलाम रसूल के किरदार में सुनील पलवाल, नफीसा के किरदार में आंचल रहीं। तकनीकी निदेशक व प्रकाश डिजाइनर राघव मिश्रा, रंगमंच प्रबंधक अरुणा पुजारी, सहायक निर्देशक एवं ध्वनि ऑपरेटर अनिल कुमार चौधरी सहायक निर्देशक एवं ध्वनि ऑपरेटर सहायक रंगमंच प्रबंधक मंच चंद्रभूषण शिवशंकर रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन फरीदपुर विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह और एसपी सिटी मानुष पारीक ने किया। कार्यक्रम में तनुज भसीन, संदीप झावर, विभोर गोयल, आदित्य मूर्ति, माधुरी, योगेश गोयल, भावेश अग्रवाल, सुरेश सुंदरानी, शुभा भट्ट भसीन, राजू चौहान आदि मौजूद रहे।
