बरेली: खेलकूद की प्रयोगात्मक परीक्षा में बरेली कॉलेज में हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। बरेली कॉलेज में गुरुवार को सुबह खेलकूद व शारीरिक शिक्षा की प्रयोगात्मक परीक्षा में हंगामा हो गया। एक गलत सूचना की वजह से सैकड़ों विद्यार्थी परीक्षा देने पहुंच गए। विद्यार्थियों ने परीक्षा को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। विद्यार्थियों की भीड़ से कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर प्राचार्य डा. …

अमृत विचार, बरेली। बरेली कॉलेज में गुरुवार को सुबह खेलकूद व शारीरिक शिक्षा की प्रयोगात्मक परीक्षा में हंगामा हो गया। एक गलत सूचना की वजह से सैकड़ों विद्यार्थी परीक्षा देने पहुंच गए। विद्यार्थियों ने परीक्षा को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। विद्यार्थियों की भीड़ से कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर प्राचार्य डा. अनुराग मोहन, चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा व प्रॉक्टोरियल बोर्ड के अन्य सदस्य पहुंच गए। हालात बिगड़ने पर चीफ प्रॉक्टर ने न मानने वाले विद्यार्थियों को खदेड़ना शुरू कर दिया और पुलिस की भी मदद ली।

छात्र संगठनों ने इसका विरोध किया। किसी तरह से बीएससी के विद्यार्थियों को वापस लौटाया गया। इसके बाद करीब 50 विद्यार्थियों की परीक्षा ली गई। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा और एबीवीपी के कार्यकर्ता गौरव यादव के बीच मास्क न लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर नोकझोंक भी हो गई।

बता दें कि विश्वविद्यालय ने खेलकूद और शारीरिक शिक्षा में छूटे हुए विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक या लिखित परीक्षा 15 दिसंबर तक कराने के निर्देश महाविद्यालयों को दिए थे। इसके तहत बरेली कॉलेज प्राचार्य की ओर से एक नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में लिखा था, ‘बीए, बीएससी व बीकॉम प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष के 2007 से 2020 तक छूटे हुए अनुपस्थित विद्यार्थियों को अनिवार्य विषय के अंतर्गत खेलकूद एवं शारीरिक शिक्षा की परीक्षा छूट गई है।

इन विद्यार्थियों को 10 दिसंबर को सुबह 10 बजे से 3 बजे तक बुलाया गया था।’ इस नोटिस के साथ जिक्र था कि जिन छात्रों की परीक्षा छूटी है और उनके परिणाम में नॉट क्लियर लिखा है तो उन्हें उसकी मार्कशीट की फोटोकॉपी भी लानी होगी। गुरुवार को जब बड़ी संख्या में विद्यार्थी पहुंचे तो हंगामा शुरू हो गया। पता चला कि वे विद्यार्थी भी पहुंच गए हैं जिनका रिजल्ट क्लियर हो चुका है लेकिन उन्होंने पहले वाली मार्कशीट के आधार पर नॉट क्लियर समझ लिया और परीक्षा देने पहुंच गए। कुछ ऐसे विद्यार्थी भी पहुंच गए जो पाठ्यक्रम में फेल हैं। काफी संख्या में पहुंचे विद्यार्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया। एबीवीपी के छात्र भी वहां पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों के समर्थन में विरोध-प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि जिस विभाग के अधिकारियों को परीक्षा लेनी थी वे भी देरी से पहुंचे। उन्हें प्राचार्य ने मौके पर बुलाया। सूचना पर चीफ प्रॉक्टर पहुंचीं और डंडा लेकर विद्यार्थियों को खदेड़ना पड़ा। एबीवीपी की ओर से छात्रों के लिए मास्क उपलब्ध कराने की मांग की गई। चीफ प्रॉक्टर ने बताया कि बीएससी द्वितीय व तृतीय वर्ष के नंबर अपडेट हो गए हैं। बीएससी प्रथम वर्ष के रह गए हैं जिसके बाद उन्हें अलग किया गया। एबीवीपी ने कॉलेज पर व्यवस्था न बनाने का आरोप लगाते हुए काफी देर तक हंगामा किया। जब इसे लेकर क्रीड़ा अधिकारी भारतेंदु शर्मा से फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने फोन ही नहीं उठाया।

विश्वविद्यालय की ओर से पहले जारी मार्कशीट में नॉट क्लियर्ड लिखा था जबकि नई मार्कशीट में ऐसा नहीं था। इसे लेकर अलग से निर्देश जारी न होने की वजह से विद्यार्थी पहुंच गए। किसी तरह से विद्यार्थियों को समझाया गया। करीब 50 विद्यार्थियों की परीक्षा करायी गई। -डा. अनुराग मोहन, प्राचार्य, बरेली कालेज

संबंधित समाचार