रामपुर : मोरीगेट पर गोदाम में छापेमारी, 17.72 लाख रुपये की दवाएं सीज
अवैध औषधियां बरामद, तीन पर मुकदमा दर्ज, दो गिरफ्तार
रामपुर, अमृत विचार: जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह के निर्देशन में औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार ने पुलिस बल के साथ कोतवाली थाना क्षेत्र के मोरी गेट के एक गोदाम में छापेमारी की। जहां से अवैध कन्डेक्टस टीआर 100 एमएल की कफ सीरप की 11893 बोतल बरामद की हैं। जिसकी कीमत लगभग 17,72,057 रुपये है। मामले में एएसपी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने कोतवाली थाने में दोपहर को प्रेसवार्ता कर खुलासा भी किया।
छापेमारी में एनडीपीएस (नार्कोटिक ड्रग्स एक्ट) अधिनियम की धाराओं के तहत पुलिस ने थाना कोतवाली के मोरी गेट से दो आरोपी अब्दुल कादिर निवासी करीमपुर गरबी व तहसील टांडा के एहसान नूरी निवासी परसुपुरा थाना को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अनीश निवासी मोहल्ला नूरी गेट थाना कोतवाली मौके से फरार हो गया। औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि बरामद की सभी औषधियों को सीज कर दिया है। नियमानुसार 1 नमूना जांच के लिए भेजा गया है। जिसकी परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने पर और विवेचना के बाद सक्षम न्यायालय में वाद दाखिल किया जाएगा। एएसपी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने मामले में प्रेसवार्ता कर खुलासा किया है, उन्होंने बताया कि नशीली दवाएं आने की शिकायतें लगातार मिल रहीं थीं। टीमें गठित करके कार्रवाई की गई है, इसमें दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में जांच जारी है।
क्षेत्र में प्रतिबंध के बाद भी बिक रही दवाएं
शासन के निर्देश पर कुछ दवाएं नशीली दवाओं पर रोक लगाई जा चुकी है। उसके बाद भी मेडिकल संचालक चोरी छुपे से दवाओं को बेंच रहे हैं। लोग लगातार दवाओं को लेकर शिकायत करते रहते हैं। कई मेडिकलों पर रात के समय पहुंचने वाले युवकों को नशीली दवाएं दी जाती है। जिसमें एल्कोहल की मात्रा काफी होती है। सिविल लाइंस और ज्वालानगर में यह धंधा तेजी के साथ चल रहा है।
2021 में शहजादनगर में पकड़ी गई थी छह करोड़ की दवाएं
जिले में नशीली दवाएं पिछले कई सालों से बरामद हो रहीं हैं। 2021 में शहजादनगर पुलिस और एसओजी की टीम ने संयुक्त रुप से शहजादनगर क्षेत्र में छापेमारी करके करीब 5 करोड़ की दवाएं पकड़ी थी। जिसमें करीब 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उसमें कुछ लोग मुरादाबाद के शामिल थे, जो कि रोडवेज बसों के सहारे दवाओं को लाकर बेचने का काम करते थे।
