बरेली: इधर पूर्व विधायक नजरबंद, उधर जिलाध्यक्ष ने निकाल दी किसान यात्रा
अमृत विचार, बरेली/मीरगंज। केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ मीरगंज में निकाली जाने वाली किसान यात्रा को गुरुवार को पुलिस प्रशासन नहीं रोक सका। एसडीएम और पुलिस अधिकारियों ने पूर्व विधायक को उनके आवास पर नजरबंद कर पहरा लगा दिया मगर दूसरी तरफ सपा जिलाध्यक्ष ने पुलिस को चकमा देकर कई गांवों में किसान …
अमृत विचार, बरेली/मीरगंज। केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ मीरगंज में निकाली जाने वाली किसान यात्रा को गुरुवार को पुलिस प्रशासन नहीं रोक सका। एसडीएम और पुलिस अधिकारियों ने पूर्व विधायक को उनके आवास पर नजरबंद कर पहरा लगा दिया मगर दूसरी तरफ सपा जिलाध्यक्ष ने पुलिस को चकमा देकर कई गांवों में किसान यात्रा निकाल दी। इस दौरान कृषि कानूनों को रद करने की मांग की गई। मीरगंज पहुंचने पर जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक को उनके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। सभी को मीरंगज थाने में बैठाने के बाद शाम को रिहा कर दिया गया।
आंदोलनरत किसानों के समर्थन में 7 दिसंबर से विधानसभा क्षेत्रवार किसान यात्रा निकाली जा रही है। इसे लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। तीन दिन से लगातार सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी हो रही है। बुधवार को नवाबगंज में किसान रैली निकाली जानी थी। बैरियर टू पर पुलिस ने पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार को गिरफ्तार किया तो पीलीभीत हाईवे जाम हो गया था।
कई किलोमीटर जाम लगने से पुलिस-प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए थे। इधर, गुरुवार को मीरगंज विधानसभा क्षेत्र में सपा की किसान यात्रा निकाली जानी थी। पुलिस-प्रशासन सुबह से सतर्क था। पूर्व विधायक सुल्तान बेग समेत कई अन्य प्रमुख नेताओं के आवास के आसपास पुलिस सुबह से ही लगा दी गई थी। एसडीएम, सीओ पूर्व विधायक के आवास तक पहुंच गए थे। आवास से निकलते ही पूर्व विधायक को रोक लिया गया।
इधर, शहर में जिलाध्यक्ष अगम मौर्य समेत कई अन्य नेताओं के घर के आसपास पुलिस का पहरा था। पुलिस का फोकस मीरगंज विधायक पर था। लिहाजा जिलाध्यक्ष अगम मौर्य पुलिस को चकमा देकर मीरंगज पहुंचने में कामयाब रहे। रास्ते में बैरियर टू और भोजीपुरा टोल पर पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इस बीच मीरगंज पहुंचते ही पूर्व विधायक सुल्तान बेग भी पुलिस को चकमा देकर निकल गए।
यहां पुलिस ने बलपूर्वक पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष समेत कई नेताओं व कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। सभी को मीरगंज थाने लगाया गया। यहां नारेबाजी करते हुए सपाइयों ने एसडीएम मीरगंज ममता मालवीय को ज्ञापन दिया। गिरफ्तारी देने वालों में महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, रविंद्र यादव, सुरेश गंगवार, बृजेश श्रीवास्तव, गौरव जयसवाल, जेपी भास्कर, असलम खान, रविंद्र प्रताप, शमीम अहमद, मुदित प्रताप सिंह, गजेंद्र कुर्मी, वसीम मेवाती, मोहित भारद्वाज, अमानत अली, गद्दी प्रमोद, आचार्य प्रदीप पटेल, शांतनु सिरोही, गोविंद सैनी, प्रशांत यादव आदि मैजूद रहे।
हाजी गुड्डू घर में नजरबंद
शीशगढ़। किसान यात्रा में शामिल होने से पूर्व पुलिस ने सपा नेता हाजी गुड्डू को उनके घर में ही नजरबंद कर दिया। उन्होंने बताया कि मीरगंज विधानसभा अध्यक्ष सुरेश गंगवार के नेतृत्व में गुरुवार को मीरगंज कैम्प कार्यालय से किसान यात्रा निकाली जानी थी। इस यात्रा में सपा जिलाध्यक्ष के अलावा अन्य नेताओं को भी शामिल होना था लेकिन इसकी भनक लगते ही सुबह करीब आठ बजे थाना प्रभारी राजकुमार भारद्वाज ने नजरबंद कर आवास के बाहर पुलिस का पहरा लगा दिया।
