लखीमपुर खीरी : शावकों के साथ बैठी बाघिन ने हमला कर पूर्व प्रधान को किया घायल
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। खेत में खड़ी फसल देखने बुधवार की सुबह जा रहे केवलपुरवा निवासी पूर्व प्रधान पर गन्ने के खेत में शावकों के साथ बैठी बाघिन ने हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने शोर शराबा कर किसी तरह से इनकी जान बचाई। घायल को आनन-फानन मेंं सीएचसी लाया गया, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसा सुबह करीब नौ बजे के आसपास हुआ। थाना खीरी की पुलिस चौकी नकहा के गांव केवलपुरवा निवासी पूर्व प्रधान प्रकाश चंद्र उर्फ मोतीलाल रोज की तरह खेत में खड़ी फसल देखने जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में गन्ने के खेत में शावकों के साथ बैठी मादा तेंदुआ ने उन पर हमला कर दिया। उनके शोर मचाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और शोर शराबा मचाया।
शोर होने पर तेंदुआ पूर्व प्रधान को छोड़कर खेतों में चली गई। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। खून से लथपथ पूर्व प्रधान प्रकाश चंद्र को सीएचसी नकहा लाए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हमले की सूचना पर शारदानगर वन रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अभय कुमार मल्ल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी नकहा गौरव कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुँचे। वन दरोगा सतीश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ देखी गई है। वन विभाग की टीम मौके पर तैनात कर दी गई है और ग्रामीणों को खेतों की ओर न जाने की चेतावनी दी गई है।
शावकों के साथ मादा तेंदुआ का वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक मादा तेंदुआ अपने शावकों के साथ गन्ने के खेत में बैठी दिख रही है। यह वीडियो केवलपुरवा का होने का दावा किया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक पूर्व प्रधान पर हमले की सूचना पर जब लोग मौके पर पहुंचे तो तेंदुआ गन्ने के खेत में शावकों के साथ मौजूद थी। कुछ लोगों ने उसका मोबाइल में वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया है।
