'एक राष्ट्र–एक चुनाव' अभियान को गति देगी भाजपा मैराथन दौड़, डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य होंगे शामिल
कानपुर, अमृत विचार। एक राष्ट्र एक चुनाव के समर्थन में शहरवासी 13 सितंबर को शाम चार बजे नानाराव पार्क फूलबाग से भारत माता प्रतिमा स्थल घंटाघर चौराहे तक मैराथन दौड़ में दौड़ेंगे। जिसमें उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह बातें बुधवार को दक्षिण जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहीं। बताया कि भाजपा मैराथन दौड़ से 'एक राष्ट्र–एक चुनाव' अभियान को गति देगी। पार्टी ने अभियान को कॉलेजों और विश्व विद्यालयों के कैम्पस तक ले जाने की योजना तैयार की है।
अभियान में छात्रों व युवाओं के माध्यम से चलने की विस्तृत योजना तैयार की है। मैराथन दौड़ में शहर के व्यापारी, उद्योगपति, अधिवक्ता, शिक्षक, एनसीसी कैडेट्स, साधु, संत, विभिन्न मठ मंदिरों के धर्माचार्य, प्रोफेसर, खिलाड़ी, चिकित्सक, इंजीनियर , स्कूल कॉलेजों एवं विश्विद्यालय के युवा छात्र एवं छात्राएं, समाजसेवी, प्रबुद्ध वर्ग,रंगकर्मी आदि शामिल होंगे। मैराथन दौड़ की तैयारियों को लेकर बुधवार को भाजपा दक्षिण पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने बैठक की।
शिवराम सिंह ने कहा कि सभी मंडल अध्यक्ष अपने अपने मंडलों से एक एक हजार लोगों को लेकर फूलबाग नानाराव पार्क पहुंचेंगे। मैराथन दौड़ में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता यूथ फॉर वन नेशन वन इलेक्शन, महिला मोर्चा की महिलाएं वूमेन फॉर वन नेशन वन इलेक्शन की तरह सभी वर्गों के लोग प्लेकार्ड लेकर शामिल होंगे।
गांव, गली, खेत, खलिहानों, दुकानों, प्रतिष्ठानों में चर्चा के साथ हमे बड़ी संख्या में लोगों को इस अभियान से जोड़ना है। इस दौरान प्रमुख रूप से राम बहादुर यादव, जसविंदर सिंह, विनोद मिश्रा, अनुराग शुक्ला, गणेश शुक्ला, मनीष त्रिपाठी, अर्जुन बेरिया, राजन चौहान, वीरेन्द्र दिवाकर, वंदना गुप्ता, शिवम मिश्रा, बिट्टू परिहार, दीपांकर मिश्रा, विनीत दुबे आदि मौजूद रहे।
