दशहरा से पहले रोशन होंगी राजधानी की गलियां:वार्डों में लगाई जाएगी स्ट्रीट लाइटें, नगर निगम निकालेगा टेंडर

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: नगर निगम के सभी 110 वार्डों की सड़कें और गलियां दशहरा से पहले रोशन हो जाएंगी। नगर निगम का मार्ग प्रकाश विभाग दशहरा से पहले 25-25 स्ट्रीट लाइटें देगा। दीवाली तक शेष 25-25 स्टीट लाइटें दी जाएंगी। स्ट्रीट लाइटें खरीदने के लिए मार्ग प्रकाश विभाग टेंडर कराने जा रहा है। 9 सितंबर को नगर निगम सदन की बैठक में स्ट्रीट लाइट के मुद्दे पर पार्षदों के हंगामे और अधिकारियों को महापौर की चेतावनी के बाद आरआर विभाग के मुख्य अभियंता मनोज प्रभात हरकत में आ गए हैं। उन्होंने सभी 8 जोन में मार्ग प्रकाश के अभियंताओं और कर्मचारियों को खराब स्ट्रीट लाइटें सही कराने और नई लगाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। 

हजरतगंज, रायबरेली रोड, गोमती नगर, वृंदावन योजना सहित शहर के कई इलाकों में मुख्य मार्गों पर स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे अंधेरा है। इससे पार्षदों में आक्रोश है। पार्षदों का कहना है कि त्योहार का समय है, स्ट्रीट लाइटें खराब है। मार्ग प्रकाश विभाग इन्हें कब सही कराएगा। मुख्य अभियंता मनोज प्रभात का कहना है कि 8 जोन में केवल जोन एक में ही नियमित जेई सूर्य विक्रम सिंह तैनात हैं। 

इसके अलावा सभी 7 जोन में आउटसोर्सिंग पर जेई लगे हैं। उनकी कोई जवाबदेही नहीं होती है। उन्होंने बताया कि ईईएसएल कंपनी हटने के बाद नगर निगम के पास सीमित संसाधन बचे हैं। संसाधनों और कर्मचारियों को बढ़ाने के बाद जल्द से जल्द खराब स्ट्रीट लाइटें सही कराने का कार्य कराया जाएगा। जल्द ही नई स्ट्रीट लाइट के लिए टेंटर कराके वार्डों में नई लाइटें लगवाई जाएंगी।

ये भी पढ़े : त्योहारों पर योगी सरकार का बड़ा तोहफा:दशहरा-छठ पर लखनऊ से चलेंगी स्पेशल ट्रेन, इन दिन से शुरू होगी सुविधा

 

संबंधित समाचार