नाराज यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन...मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का किया पुतला दहन, कार्यकर्ताओं-पुलिस के बीच हुई नोक झोंक

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

अमेठी, अमृत विचार। बृहस्पतिवार को अमेठी जिला मुख्यालय पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष शुभम सिंह के नेतृत्व में सैकड़ो कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के मंत्री एवं रायबरेली से भाजपा एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह का पुतला फूंककर विरोध जताया।

नारेबाजी के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई नोक झोंक प्रदर्शनकारी कांग्रेस के केंद्रीय कार्यालय गौरीगंज से जुलूस की शक्ल में सड़क पर निकलने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें कार्यालय से बाहर निकलने से पहले ही रोक दिया। 

Untitled design (29)

इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। नाराज़ कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी जिन्दाबाद और दिनेश प्रताप सिंह मुर्दाबाद के नारे लगाए। युवक कांग्रेस अध्यक्ष शुभम सिंह ने कहा कि जिस तरह हमारे नेता राहुल गांधी  के खिलाफ मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने भाड़े के लोगों को अपनी गली में इकट्ठा कर विरोध कराया और  प्रियंका गांधी पर अभद्र टिप्पणी की, यह कतई स्वीकार्य नहीं है। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।

Untitled design (28)

उन्होंने मांग की कि मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के खिलाफ गौरीगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया जाए। शुभम सिंह का आरोप है कि पुलिस मंत्री पर कार्रवाई करने के बजाय कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ही दबाने में लगी हुई है। युवक कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक विरोध की आवाज़ को दबाना चाहती है, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ता अपने नेताओं के सम्मान के लिए हर संघर्ष करने को तैयार हैं। 

Untitled design (27)

प्रदर्शन के चलते नगर में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि हमारे नेता पर की गई अभद्र टिप्पणी को अमेठी की यूथ कांग्रेस कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए और सार्वजनिक रूप से राहुल गांधी  व प्रियंका गांधी  से माफी माँगनी चाहिए।

यूथ कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन से स्पष्ट है कि वे मंत्री के बयान को बर्दाश्त नहीं करेंगे और कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। प्रदर्शन में लोहा सिंह, आनंद सिंह, शिवांशु राणा, निखिल दुबे, रवि मौर्य, विनय दुबे, बृजेश सिंह, आलोक सिंह, शिवम तिवारी, सिद्धार्थ शुक्ला, अजय यादव, पुरेंदु ओझा, नीरज मौर्य, अभय शुक्ला, जय बहादुर यादव सहित अन्य सैकड़ों युवा शामिल रहे।

ये भी पढ़े : UP International Trade Show: फ्यूचर डेवलपमेंट पर फोकस...स्टार्टअप, आईटी पर विशेषज्ञ साझा करेंगे अपने अनुभव

 

संबंधित समाचार