लखीमपुर खीरी: गन्ना के खेत में पिता के साथ चारा लेने गई युवती पर बाघ के हमले में घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बेहजम, अमृत विचार। दक्षिण खीरी वन प्रभाग के मैगलगंज वन रेंज के तहत फरधान थाना क्षेत्र के कैमा खादर गांव में गुरुवार सुबह बाघ ने एक युवती पर हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गई। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे छुट्टी दे दी। घटना के बाद से क्षेत्र में बाघ की दहशत फैल गई। किसान और ग्रामीणों ने खेतों की तरफ जाना बंद कर दिया है।

गांव कैमा खादर निवासी प्रिया वर्मा अपने पिता राजेश के साथ खेत में गई थी. वह सुबह करीब 10 बजे जानवरों के लिए गन्ने की हरी पत्ती तोड़ कर इकट्ठा कर रही थी। इस बीच वहां छिपे बैठे बाघ ने उस पर हमला कर दिया। प्रिया की चीख पुकार सुनकर सुनकर पिता व आसपास के खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर शराबा कर किसी तरह प्रिया को बाघ के चंगुल से बचाया। घटना के बाद समूचे इलाके में हड़कंप मच गया। परिजन घायल प्रिया को जिला अस्पताल मोतीपुर ले कर पहुंचे और उसे भर्ती कराया। 

जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी। बाघ के हमले की जानकारी मिलने पर मैगलगंज रेंज के वन क्षेत्राधिकारी केके सागर, डिप्टी रेंजर उमेश प्रताप चौहान, वन दरोगा उमेश वर्मा और अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचा। टीम ने क्षेत्र में गहन कांबिंग शुरू की है। वन क्षेत्राधिकारी केके सागर ने बताया कि यह बाघ 15 दिनों से इलाके में घूम रहा है। एक सप्ताह पहले इसके पगचिह्न बेहजम क्षेत्र के लालपुर और सरैया गांव में मिले थे। बाघ लगातार इधर-उधर विचरण कर रहा है और किसी एक जगह स्थायी रूप से नहीं ठहर रहा। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि टाइगर दिखने पर तुरंत सूचना दें। विभाग इसकी लोकेशन ट्रैक कर पकड़ने के लिए सक्रिय है।

वन विभाग के पिंजड़े में तीन शावकों के साथ कैद हुई मादा तेंदुआ
थाना खीरी की पुलिस चौकी नकहा के गांव केवलपुरवा निवासी पूर्व प्रधान प्रकाश चंद्र उर्फ मोतीलाल पर हमला करने वाली मादा तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के शिकंजे में आ गई। वन विभाग ने पिंजड़ा लगाकर उसे पकड़ लिया, जिसे वनरेंज शारदानगर ले जाया गया है। पशु चिकित्सकों के स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद उच्चाधिकारी जहां बताएंगे। उसे वहां छोड़ा जाएगा। तीन शावकों के साथ गन्ने के खेत में बैठी मादा तेंदुआ ने खेत देखने जा रहे पूर्व प्रधान पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। 

घटना के बाद मौके पर पहुंचे शारदानगर वन रेंजर अभय कुमार मल्ल ने पिंजड़ा लगाया था। साथ ही उसकी निगरानी के लिए टीमें लगाई थीं। गुरुवार को मादा तेंदुआ अपने तीन शावकों के साथ पिंजड़े में फंस गई। सूचना पाकर वन विभाग की टीम के साथ चौकी प्रभारी नकहा गौरव कुमार भी मौके पर पहुंच गए। वन विभाग की टीम पिंजड़े को लेकर शारदानगर वनरेंज पहुंची। रेंजर ने बताया कि तेंदुआ और उसके तीनों शावकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है। उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद उसे जहां कहा जाएगा। वहां ले जाकर छोड़ा जाएगा।

संबंधित समाचार