बरेली : प्रसव पीड़ा से कराह रही पत्नी को छोड़कर पति फरार
गंभीर हालत में फरीदपुर सीएचसी पर पहुंची थी मरीज
बरेली, अमृत विचार: फरीदपुर सीएचसी पर गंभीर प्रसव पीड़ा होने पर पति ने पत्नी को भर्ती कराया। जांच में मरीज की हालत गंभीर होने पर स्टाफ ने हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन पति मौके पर फरार हो गया। घंटों इंतजार के बाद भी जब पति नहीं आया तो मजबूरन मरीज की जान जोखिम में होने पर स्टाफ ने सुरक्षित प्रसव कराकर जच्चा बच्चा की जान बचाई।
फरीदपुर के कुआटांडा निवासी एहसान ने प्रसव पीड़ा होने पर पत्नी काजल को गुरुवार दोपहर 11 बजे फरीदपुर सीएचसी पर भर्ती कराया। इस दौरान मरीज को भीषण रक्तस्राव हो रहा था। मरीज की फौरन जांच हुई तो वह एनीमिक यानि खून की कमी से भी जूझ रही थी। इस पर स्टाफ ने उसे हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन पति मौके से फरार हो गया। करीब एक घंटे इंतजार के बाद भी जब पति नहीं आया तो स्टाफ ने मरीज के साथ आई महिला को फौरन हायर सेंटर ले जाने को कहा। इस पर महिला ने भी चुप्पी साध ली। मरीज की हालत अति गंभीर हो रही थी। इस पर स्टाफ ने अपरिहार्य स्थिति और मरीज की जान जोखिम में होने के चलते डॉ. मोनिका और डॉ. अर्चना के नेतृत्व में मरीज की सिजेरियन प्रसव किया। मरीज ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।
इस संबंध में फरीदपुर सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराग गौतम ने बताया कि मरीज की फौरन जांच की गई, रेफर करने के दौरान एंबुलेंस भी इंतजार करती रही, लेकिन पति व अन्य परिजन मरीज को दोबारा देखने तक नहीं आए। इसके चलते जच्चा-बच्चा की जान का जोखिम बन गया। मरीज के साथ आई एक अन्य महिला की सहमति पर स्टाफ ने प्रसव किया। हालांकि अब जच्चा-बच्चा की हालत स्थिर है।
