बदलाव: स्मार्ट मीटर को प्रीपेड मीटर में बदल रहा बिजली विभाग, बिल आने...न आने के झंझट से मिलेगा छुटकारा

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

रीचार्ज खत्म होने के बाद उपभोक्ताओं की स्वत: कट जाएगी बिजली

बरेली, अमृत विचार: अब मोबाइल रिचार्ज की तरह रीचार्ज करके शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली मिलेगी। रिचार्ज कराने के बाद ही उपभोक्ता बिजली का इस्तेमाल कर सकेंगे। रीचार्ज खत्म होने के बाद उपभोक्ताओं की बिजली खुद कट जाएगी। इससे अब विभाग को बकाया बिजली बिल वसूली के लिए अभियान नहीं चलाना पड़ेगा। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को बिल आने अथवा न आने के झंझट से भी छुटकारा मिल जाएगा।

बिजली चोरी रोकने और समय से बकाया बिजली बिल जमा कराने को लेकर शहर में स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू किया गया था। शहरी क्षेत्र में कुल 2 लाख 10 हजार स्मार्ट मीटर लगाए जाने थे। बिजली विभाग ने अभियान चलाकर अब तक एक लाख 25 हजार स्मार्ट मीटर लगा भी चुका है। स्मार्ट मीटर को लेकर चल रहे विरोध को देखते हुए बिजली विभाग ने अब सभी उपभोक्ताओं के मकान पर प्रीपेड मीटर लगाने का काम शुरू किया है। मध्यांचल मुख्यालय की तरफ से जिले में लगाए गए 1 लाख 25 हजार स्मार्ट मीटर में से 31 हजार स्मार्ट मीटर को प्रीपेड मीटर में बदला भी जा चुका है। बिजली विभाग के अधिकारियों का मानना है कि प्रीपेड मीटर अब बिल जमा करने की जगह उपभोक्ता मोबाइल फोन की तरह रीचार्ज कराकर बिजली का उपभोग करेंगे। उपभोक्ता अपनी जरूरत के मुताबिक रीचार्ज करा सकेंगे और बिल के झंझट से मुक्ति मिल जाएगी।
इस तरह से होगा रीचार्ज होगा प्रीपेड मीटर

एसडीओ रोहित सिंह ने बताया कि यूपीपीसीएल स्मार्ट एप प्ले स्टोर से डाउनलोड करने के बाद साइन अप मोबाइल नंबर से होने के बाद ओटीपी आएगा। इसके बाद पासवर्ड बनाकर लागिन हो जाएगा। इसमें कितने रुपये से कितने दिन बिजली जला सकते हैं। उसी के हिसाब से उपभोक्ता अपना रीचार्ज करा सकते हैं। स्मार्ट मीटर में अभी तक बकाया बिल पर बिजली कटने के बाद अधिकारी कुछ पैसा जमा कराकर ऑनलाइन बिजली खोल देते थे, लेकिन प्रीपेड मीटर होने के बाद जितना बैलेंस होगा उपभोक्ता उतनी ही बिजली जला सकेंगे।

नए कनेक्शन व खराब मीटर बदलने पर अब लगेगा प्रीपेड मीटर
बिजली के नए कनेक्शन लेने अथवा खराब मीटर बदलने के आग्रह पर उपभोक्ता के मकान या दुकान पर प्रीपेड मीटर लगाया जाएगा। इसको लेकर पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक ने मुख्य अभियंता को बुधवार को आदेश जारी किए हैं। अभी तक नए कनेक्शन पर साधारण मीटर के साथ स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे थे। अधिशासी अभियंता अंकित गंगवार ने बताया कि अभी तक नए बिजली कनेक्शन और खराब मीटर बदलने की जगह पर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे थे, लेकिन अब प्रबंध निदेशक के आदेश के बाद स्मार्ट मीटर को प्रीपेड में तब्दील करके नए कनेक्शन और खराब मीटर बदलने की जगह पर लगाया जा रहा है।

संबंधित समाचार