मुरादाबाद के दो -रामपुर के तीन वेस्टेज ट्रीटमेंट प्लांट पर सख्ती

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने क्षेत्रीय अधिकारी को प्लांटों का निरीक्षण करने के दिए निर्देश

मुरादाबाद, अमृत विचार: मुरादाबाद और रामपुर जिलों के वेस्टेज ट्रीटमेंट प्लांट अब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की कड़ी निगरानी में आ गए हैं। क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार मंडल के इन दोनों जनपदों में संचालित 5 प्लांट मानक नियमों के अनुसार वेस्टेज का उपचार (ट्रीटमेंट) नहीं कर पा रहे हैं, जिससे स्थानीय जल स्रोतों और पर्यावरण पर खतरा बढ़ना माना जा रहा है। इसके लिए बोर्ड ने अब क्षेत्रीय अधिकारी को खुद जाकर निरीक्षण करने के लिए कहा है।

गुरुवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डीके गुप्ता ने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, लखनऊ ने इसे गंभीरता से लिया है। क्षेत्रीय अधिकारी के लिए निर्देश हैं कि वह मुरादाबाद के दो और रामपुर के तीन वेस्टेज ट्रीटमेंट प्लांट का मौके पर निरीक्षण करें। क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान ट्रीटमेंट प्रक्रिया,अपशिष्ट जल की गुणवत्ता, उपकरणों की कार्यप्रणाली तथा उत्सर्जित पानी के मानक स्तर की जांच की जाएगी। बोर्ड ने सप्ताह भर के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा है। उन्होंने बताया कि बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि वेस्टेज ट्रीटमेंट मानकों के अनुरूप न होने से नदियों और भूजल का प्रदूषण बढ़ सकता है। इसके कारण न केवल स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ता है बल्कि पर्यावरणीय संतुलन भी बिगड़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के बाद जिन प्लांटों में खामियां पाई जाएंगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें चेतावनी नोटिस, जुर्माना या संचालन पर रोक तक की कार्रवाई संभव है।

संबंधित समाचार