समूह के नाम पर घोटाला, फर्जी सदस्य बनाकर सरकारी धन की बंदरबांट

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। ब्लॉक बनीकोडर की ग्राम पंचायत टांडा में स्वयं सहायता समूहों के नाम पर बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। गांव की अनपढ़ व गरीब महिलाओं को बिना जानकारी के समूह का सदस्य बना दिया गया और फर्जी तरीके से उनका नाम, हस्ताक्षर व अंगूठे का प्रयोग कर सरकारी धन की बंदरबांट कर ली। जानकारी के अनुसार गांव में कुल 26 समूह संचालित दिखाए गए हैं, जिनमें कई महिलाओं ने स्पष्ट किया कि उन्होंने न तो कभी कोई आईडी दी, न ही किसी बैठक में भाग लिया और न ही समूह से जुड़ने की जानकारी उन्हें थी।

आरोप है कि कुछ चालाक व्यक्तियों ने अपनी परिचित महिलाओं को समूह का अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष बनाकर फर्जी तरीके से दस्तावेज तैयार किए और सरकारी योजनाओं का लाभ हड़प लिया। प्रभावित महिलाओं में शांति देवी, ननका देवी पत्नी अमृतलाल, पियारा पत्नी भगवती प्रसाद, सुनीता देवी, धुरुपचंद सहित कई लोगों ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी की जानकारी दी है। 

इस गंभीर मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश प्रभारी मायाराम यादव ने खंड विकास अधिकारी बनीकोडर को शिकायती पत्र सौंपकर जांच कर जिम्मेदारों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। खंड विकास अधिकारी डॉ. विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि जांच करवा कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े : BHU में पीएचडी छात्रा की मौत : रोमानिया से वाराणसी पढ़ने आई छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव

संबंधित समाचार