रामपुर : नेपाल से सांस्कृतिक रिश्ते हैं और आगे भी रहेंगे: नकवी
शुक्रवार को रामपुर पहुंचे मुख्तार अब्बास नकवी ने की प्रेसवार्ता
रामपुर, अमृत विचार: शुक्रवार को पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने एक तरफ सपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला, तो वहीं नेपाल में होने वाली घटना को लेकर दुख जताया। उन्होंने कहा कि नेपाल से हमारे सांस्कृतिक रिश्ते हैं और आगे भी रहेंगे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री नकवी का भाजपाइयों ने कोसी पुल पर स्वागत किया। उसके बाद वह आंबडेकर पार्क के सामने स्थित निरीक्षण भवन में पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कुछ लोग, हाथ में संविधान की किताब, हरकत में व्यवधान की करतूत से काल्पनिक भय-भ्रम के जरिए लोकतंत्र को परिवार तंत्र का बंधक बनाने की सियासत में लगे हैं। इसी का परिणाम है कि ऐसे सामंती सुल्तानों का जनाधार सिमटता जा रहा है। विपक्ष के नेपाल की तरह भारत में घटना घटित की अफवाह पर कहा कि कांग्रेस का अंतिम समय आ गया है। मोदी सरकार निरन्तरता के साथ तीसरे कार्यकाल में ईमान, इकबाल, इंसाफ के संकल्प के साथ सुशासन के सफर को आगे बढ़ा रही है। आजादी के बाद पहली गैर-कांग्रेस सरकार है जो बिना कुनबे के सपोर्ट और कांग्रेस के रिमोट के स्थायित्व के साथ सुशासन, सफलता के कीर्तिमान स्थापित कर रही है। सामन्ती कुंड के सियासी झुंड की कुंठा, कटुता,कष्ट का कारण यही है। कांग्रेस का सिद्धांत रहा है कि या तो, उनके परिवार को सत्ता नहीं तो दूसरों के लिए समस्या, अस्थिरता का माहौल बनाओ। इस बार काग्रेसी कुनबा अपनी ही चतुराई के चक्रव्यूह में चारोखाने चित हो रहा है। इस बार भी उत्तर प्रदेश के चुनावी चौपाल पर भी चारोखाने चित होगा। मोदी-योगी या किसी भी भाजपा शासित राज्य सरकार ने मुसलमानों सहित किसी भी वर्ग के विकास में कमी नहीं की, भले ही उनके साथ वोटों में कन्जूसी की गई हो। वैध वोटर की सुरक्षा-सम्मान, अवैध वोटों की समीक्षा लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए है। कुछ लोग वैध मतदाताओं की सुरक्षा के बजाय अवैध वोटों की सुरक्षा में डटे हैं।
चुनाव पर चर्चा की
नकवी अपने दो दिवसीय प्रवास पर शुक्रवार को भाजपा नेता जुगेश अरोड़ा के निवास पर पहुंचे। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से आगामी कार्यक्रमों और चुनाव पर चर्चा की। भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, राकेश मिश्रा, जुगेश अरोड़ा कुक्कू, महासिंह राजपूत, मोहन लोधी, पंकज लोधी, रविंद्र सिंह रवि, शिरीष गुप्ता, राजीव मांगलिक, अशोक विश्नोई, सतनाम सिंह,ओमप्रकाश लोधी, अजय सैनी, टेकचंद गंगवार, समर सिंह चौहान, प्रदीप गुप्ता, आकाश सक्सेना, श्रीपाल सिंह चौहान, देवेंद्र सिंह, अर्जुन रस्तोगी, संजय नरूला, अनुज भारद्वाज, योगेंद्र चौहान, पीयूष कुमार, शिवम कुक्कू अरोड़ा, सुमित कुमार, संजू बाबा प्रजापति, विनोद कश्यप, दिनेश कश्यप, हरी बाबू राज आदि उपस्थित रहे।
