लखीमपुर-खीरी : लखनऊ से अगवा दो बच्चे गोला से बरामद, फिरौती में मांगे थे 10-10 लाख
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार: लखनऊ के आलमबाग थाना क्षेत्र से अगवा किए गए दो मासूम बच्चों को पुलिस ने खीरी जिले के गोला क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। यह कार्रवाई लखनऊ पुलिस ने खीरी पुलिस की मदद से की। बरामदगी के बाद लखनऊ पुलिस दोनों बच्चों को अपने साथ ले गई।
लखनऊ की बीवी कॉलोनी, आलमबाग निवासी 12 वर्षीय प्रदुम्म यादव और 11 वर्षीय अर्जुन मंगलवार को घर के बाहर खेल रहे थे। तभी एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और उन्हें सॉफ्ट ड्रिंक पीने पर इनाम मिलने का लालच दिया। बच्चों ने कोल्ड ड्रिंक पीते ही बेहोशी महसूस की। अगवा करने वाला उन्हें हरगांव और एलआरपी मार्ग से होते हुए गोला ले गया। बच्चों के परिजनों के पास आरोपियों ने फोन कर 10-10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। घबराए परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना लखनऊ पुलिस को दी। पुलिस ने अपहरणकर्ताओं की तलाश में तकनीकी निगरानी शुरू की।
गोला में मिली लोकेशन, बच्चों को छुड़ाया
तफ्तीश के दौरान पुलिस को बच्चों की लोकेशन गोला में मिली। इसके बाद लखनऊ पुलिस ने खीरी पुलिस की मदद से संयुक्त छापेमारी कर दोनों मासूमों को सकुशल बरामद कर लिया।
लखनऊ से अपहरण हुए बच्चों को लखनऊ पुलिस ने हमारी मदद से बरामद कर लिया है। बरामद बच्चों को लखनऊ पुलिस अपने साथ ले गई है।पुलिस अब अपहरणकर्ताओं की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है। -संकल्प शर्मा, एसपी
