कानपुर: सीएसजेएमयू और डीआरडीओ के डीटीटीसी के बीच हुआ एमओयू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग के लिए समझौते पर हस्ताक्षर

कानपुर, अमृत विचार। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय ने रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन लखनऊ के डिफेन्स टेक्नोलॉजी एंड टेस्ट सेंटर व डीएमएसआरडीई के साथ एक समझौता किया है। यह सहयोग राष्ट्र के हित में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में शैक्षणिक और अनुसंधान पहलों को आगे बढ़ाने के लिए हुआ है। समझौते के तहत विश्वविद्याल के छात्र भी शोध से जुड़े सकेंगे। समझौता हस्ताक्षर कार्यक्रम में एमओयू पर सीडीसी एवं स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज़, सीएसजेएमयू के निदेशक प्रो. राजेश कुमार द्विवेदी व डीएमएसआरडीई के निदेशक डॉ. किंगसुक मुखोपाध्याय ने हस्ताक्षर किए।

पांच वर्षों की इस साझेदारी के तहत सीएसजेएमयू और डीटीटीसी कई क्षेत्रों में आपसी सहयोग करेंगे। इनमें संयुक्त अनुसंधान और प्रशिक्षण, उन्नत प्रशिक्षण, परास्नातक एवं शोध स्तर (पीएच.डी.) के लिए अवसर तथा कौशल विकास शामिल है। इसके अलावा संसाधन साझा करना, प्रयोगशालाओं, शोध उपकरणों एवं वैज्ञानिक साहित्य का परस्पर उपयोग है। इसके अलावा यह एमओयू सीएसजेएमयू के छात्रों को डीटीटीसी में इंटर्नशिप, शोध एवं तकनीकी परियोजनाओं में सहभागिता भी देगी।

इस दौरान कुलपति प्रो विनय कुमार पाठक ने कहा कि यह साझेदारी छात्रों और शोधकर्ताओं के लिए नए अवसर खोलेगी तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता को अत्याधुनिक रक्षा प्रौद्योगिकी से जोड़ते हुए विश्वविद्यालय के समाज और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मजबूत बनाएगी। यह साझेदारी शैक्षणिक प्रकृति की है, गैर-व्यावसायिक है और दोनों संस्थानों के लिए लाभकारी है। यह हमारे साझा संकल्प को दर्शाता है कि हम शोध, नवाचार और ज्ञान विनिमय की मजबूत नींव तैयार करेंगे, ताकि आने वाली तकनीकी चुनौतियों का सामना किया जा सके।

संबंधित समाचार