गोंडा: जंगल में लकड़ी काटने गए बुजुर्ग की हत्या, बेटे की हालत‌ गंभीर, भड़के ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। यूपी के गोंडा जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र का अंतर्गत शिवगढ़ चौराहे के समीप कुआनो जंगल में लकड़ी काटने गए बाप बेटे पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया और 60 वर्षीय बुजुर्ग की निर्मम तरीके से हत्या कर दी। इस हमले में म‌ृतक का बेटा भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत‌ नाजुक बताई जा रही है। 

वहीं घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए बुजुर्ग का शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत शिवगढ़ के हृदयगंज चौराहा के रहने वाले गंगासागर विश्वकर्मा(65) अपने बेटे अनोखी लाल(45) के साथ घर से लगभग दो किलोमीटर दूर कुंआना जंगल में शनिवार को दिन में सूखी लकड़ी काटने गए थे।जहां लकड़ी काटते समय दो अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से दोनों पर हमला कर दिया। जिसमें गंगासागर की मौके पर मौत हो गई।

वहीं बेटा अनोखी लाल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में वह वहां से किसी तरह शोर मचाते हुए भाग कर जंगल से बाहर आया  और घटना के बारें में परिजनो सहित आस पास के लोगों को बताया। ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचते जब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।

cats

घटना की जानकारी ग्राम प्रधान रमेश वर्मा ने पुलिस को दी। सूचना पर स्थानीय पुलिस सहित अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत,क्षेत्राधिकारी आनंद कुमार राय के अतिरिक्त इटियाथोक, कर्नलगंज थाने क़ी पुलिस पहुंची। घटना के बाबत लोगों से जानकारी की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का साक्ष्य का संकलन किया।

एसओजी टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल क़ी। दिनदहाड़े क्षेत्र में हुई हत्या का विरोध जताते हुए ग्रामीणों ने खरगूपुर गांधी चबूतरा मार्ग पर हृदयगंज चौराहा के पास घंटों पुलिस के प्रति रोष व्यक्त करती रही, लेकिन पुलिस ने ग्रामीणों को घटनास्थल तक जाने नहीं दिया। पुलिस मृतक के परिजनों से काफी देर तक मान मनौवल करती रही, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। जिस पर शव को पोस्टमार्टम के लिए दूसरे रास्ते से ले जाना पड़ा।

शव को दूसरे रास्ते से ले जाने व परिजनों को मृतक का चेहरा न दिखाने को लेकर भी ग्रामीणों ने रोड जाम कर पुलिस के वाहन को काफी देर तक रोक रखा। जिस पर  पुलिस को अतिरिक्त फोर्स बुलाकर भीड़ को  सड़क से हटाना पड़ा। प्रभारी थानाध्यक्ष सत्य नरायण यादव ने बताया कि मृतक के  टबेटे अलखराम की तहरीर पर अज्ञात हत्यारों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

शिवगढ़ के कुंआना जंगल में हुई  घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल कर परिवार वालों से जानकारी ली। उन्होने परिजनों को शीघ्र ही वारदात का खुलासा करने और हमलावरों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है‌।

संबंधित समाचार