बाराबंकी: बैरियर तोड़ बढ़ा विधायक का काफिला, टोल कर्मियों को पीटा
हैदरगढ़/बाराबंकी, अमृत विचार। सुल्तानपुर लखनऊ हाईवे पर बने बारा टोल प्लाजा पर शनिवार दोपहर लखनऊ से हैदरगढ़ जा रहे क्षेत्रीय विधायक का वाहन बूम बैरियर तोड़ते हुए आगे बढ़ गया, वहीं पीछे से वाहनों पर सवार समर्थकों ने टोल गेट खुलने में मामूली देरी पर टोल कर्मियों की पिटाई कर दी। टोल प्लाजा प्रबंधक ने पूरी घटना का विवरण देते हुए लिखित तहरीर कोतवाली में दी तो क्षेत्रीय विधायक ने कहासुनी की बात स्वीकारी पर मारपीट से इंकार किया।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 2:45 बजे हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत छह लग्जरी वाहनों के काफिले के साथ लखनऊ से हैदरगढ़ लौट रहे थे। विधायक की कार टोल गेट का बैरियर तोड़ते हुए आगे बढ़ गई। यह दृश्य सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है। इसी दौरान पीछे से आ रहे करीब पांच वाहनों पर सवार समर्थक बूम बैरियर उठने में देरी को लेकर गुस्से में आ गए।
आरोप है कि कहासुनी के बाद समर्थकों ने टोल कर्मियों राम सिंह, अखिलेश वर्मा व बृजेश यादव की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने आए एक अन्य कर्मचारी से भी अभद्रता की गई। इस घटना से टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही टोल मैनेजर जगभान सिंह ने मामले की सूचना हैदरगढ़ कोतवाली पुलिस को दी।
वहीं टोलकर्मी रामसिंह, अखिलेश वर्मा, बृजेश यादव की ओर से दी गई तहरीर में पूरे घटनाक्रम का जिक्र करते हुए सभी छह वाहनों के नंबर तक दिए गए हैं। टोल प्रबंधक ने एनएच परियोजना निदेशक कर्नल शरद चंद सिंह को भी जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु मल्ल ने शाम तक घटना से जुड़ी किसी शिकायत से इंकार किया। वहीं हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत ने बताया कि वह आगे निकल गए थे, पीछे से आ रहे कार्यकर्ताओं से स्टाफ ने अभद्रता की, तो कहासुनी हुई थी। बाकी कोई विवाद नहीं है।
