बदायूं : कई जगह की चोरियां, तीन बाइक, ई-रिक्शा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
बदायूं, अमृत विचार। वजीरगंज पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी की तीन बाइकें, एक ई-रिक्शा और अन्य उपकरण बरामद हुए। दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया है। आरोपियों ने वजीरगंज के अलावा दिल्ली, बरेली और जिले में जरीफनगर, बिसौली, उघैती, फैजगंज बेहटा, इस्लामनगर क्षेत्र में चोरियां की।
कस्बा सैदपुर के वार्ड 11 के मोहल्ला खेड़ा निवासी बच्चन मियां पुत्र मुमताज हुसैन ने 12 सितंबर को तहरीर देकर बताया था कि सैदपुर के जंगल में बने उनके फार्म हाउस से थाना इस्लामनगर क्षेत्र के गांव बेहटा पाठक निवासी अभिषेक पाठक पुत्र पवन पाठक और अभय पाठक पुत्र बब्लू पाठक ने 11 सितंबर को इंवर्टर और वहीं खड़े ट्रैक्टर से बैट्रा चोरी किए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों और सामान की तलाश शुरू की। रविवार को दोनों आरोपियों को सैदपुर बिजली घर के आगे कुर्वी रोड से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से तीन बाइकें, एक ई-रिक्शा, तीन बैट्रे, एक इंवर्टर, 12 घंटियां बरामद हुईं।
पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले आई और पूछताछ की।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 11 सितंबर को फार्म हाउस से दो बैट्रा चोरी किए थे। 9 सितंबर को भगत सिंह पुलिस चौकी क्षेत्र में बैंक के सामने से अपाचे बाइक, 10 सितंबर को आंवला के रेलवे स्टेशन से ई-रिक्शा, इससे पहले 18 अगस्त को जरीफनगर क्षेत्र के गांव मलिकपुर बिचौला के जंगल में कुइया बाबा के आश्रम में मंदिर से इंवर्टर का बैट्रा व घंटी चोरी की थी। इसके अलावा 21 अगस्त को जरीफनगर क्षेत्र के गांव भोयस के पंचायत घर से एक कंप्यूटर, सीसीटीवी कैमरा डीवीआर, प्रिंटर, दो बैट्रे व इंवर्टर चोरी किया।
4 अगस्त को उघैती क्षेत्र के गांव रियोनाई दलाई की ग्राम पंचायत से इंवर्टर, बैट्रा, सीसीटीवी रिसीवर, यूपीएस और 2 सितंबर की रात फैजगंज बेहटा की नगर पंचायत मुड़िया धुरेकी स्थित सत्या ट्रेडर्स गर्ग माल के पीछे से नकब लगाकर चोरी की। 8 सितंबर की रात कस्बा बिसौली के ओम प्लाजा के सामने खडे़ ई-रिक्शा से चार बैट्रे, 9 सितंबर की रात बिसौली के नवादा रोड स्थित गांव भटपुरा स्थित स्कूल से चांदी की मूर्ति व नगदी चोरी की।
उन्होंने बाइक बरेली से बाइक यूपी 25 एआर 5919 और दिल्ली से डीएल 4एसबीएम 1379 चोरी की। आरोपी अभिषेक पाठक पर बिसौली, उघैती, फैजगंज बेहटा, इस्लामनगर, वजीरगंज के अलावा बरेली और संभल में भी अब 13 मुकदमे दर्ज हैं। अभय पाठक पर इन्हीं थाना क्षेत्रों में 12 मुकदमा हैं। सीओ बिसौली सुनील कुमार ने प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह व टीम की मौजूदगी में खुलासा किया।
