बाराबंकी: लोधेश्वर महादेवा कॉरिडोर के नाम पर जबरन जमीन कब्जे का खेल, एसडीएम से गुहार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। लोधेश्वर महादेवा में प्रस्तावित कॉरिडोर को लेकर आस-पास के गांवों की जमीनों के दाम आसमान छूने लगे हैं। जमीन की बढ़ती कीमतों पर भू-माफियाओं की नज़रें गड़ गई हैं और अब जबरन कब्जा कर जमीनों को हथियाने का खेल शुरू हो गया है। इस पूरे मामले में राजस्व कर्मियों की मिलीभगत के आरोप भी ग्रामीणों ने लगाए हैं।

ताजा मामला महादेवा से सटी ग्राम पंचायत गोबरहा का है। यहां ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पिछले करीब 50 वर्षों से इस्तेमाल किए जा रहे सार्वजनिक रास्ते (चक मार्ग) पर खंभे गाड़कर उसे प्लॉट में मिला लिया गया है। जबकि इसी रास्ते से करीब एक सैकड़ा किसान अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली व कृषि यंत्रों के साथ खेतों तक पहुंचते हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि गुरुवार और शुक्रवार को कुछ लेखपालों ने गलत ढंग से जमीन की नाप की और रास्ते को अवरुद्ध कर दिया। आरोप यह भी है कि बड़नपुर निवासी मोहम्मद अकरम, मोहम्मद अजहर व अनिल ने हिस्सेदारी के रूप में जमीन खरीदी है और इसमें लेखपालों की सीधी साझेदारी है। किसानों ने उप जिलाधिकारी रामनगर से शिकायत कर गाटा संख्या 104 चक मार्ग और गाटा संख्या 113 (नाला) का जिक्र किया है।

ग्रामीणों के अनुसार, गाटा संख्या 113 पिछले 50 सालों से सार्वजनिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन अब उस पर कब्जे की कोशिश की जा रही है। इस मामले में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल ने कहा कि शिकायत की जांच के लिए टीम भेजी जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार