ट्रेनों में बढ़ेगी टेंशन : त्योहारी सीजन में रेलवे ब्लॉक से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ेंगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। त्योहारी सीजन में यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उत्तर रेलवे और उत्तर-पूर्व रेलवे के विभिन्न खंडों में प्रस्तावित नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 22 से 26 सितंबर तक बड़ी संख्या में ट्रेनें प्रभावित होंगी। इस दौरान गोरखधाम एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस सहित 63 ट्रेनें निरस्त रहेंगी और 26 ट्रेनों को रूट बदलकर चलाया जाएगा।

रेल प्रशासन के अनुसार ब्लॉक के दौरान तकनीकी कारणों से ट्रेन संचालन संभव नहीं होगा। ट्रेनों के निरस्त होने से सबसे ज्यादा असर दिल्ली और मुंबई रूट पर जाने वाले यात्रियों को झेलना पड़ेगा। यहां से प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग त्योहारी सीजन में अपने गृह जनपद की ओर लौटते हैं। निरस्त की गई ट्रेनों में गोरखधाम एक्सप्रेस, लखनऊ हमसफर, अवध असम, सप्तक्रांति, बिहार संपर्क क्रांति, कुशीनगर, बापू धाम और सुहेलदेव जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। वहीं जिन ट्रेनों का रूट बदला जाएगा, वे वैकल्पिक मार्गों से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी, जिससे यात्रा समय बढ़ेगा और अन्य रूट पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा।

त्योहारी सीजन में पहले से ही टिकट की भारी मांग रहती है। ऐसे में अचानक इतने बड़े पैमाने पर ट्रेनें रद्द होने से यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ेंगी। आरक्षण कराने वाले कई यात्रियों ने ट्रेनें निरस्त होने से नाराजगी भी जताई है। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेनों की स्थिति की जानकारी जरूर ले लें और वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने की कोशिश करें। प्रशासन का कहना है कि कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से बहाल कर दिया जाएगा।

संबंधित समाचार