सुलतानपुर: संदिग्ध परिस्थितियों में बुजुर्ग की जलकर मौत, पास में मिला तेल का गैलन और माचिस की तिलियां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भदैंया/सुलतानपुर, अमृत विचार। यूपी के सुलतानपुर जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में रविवार की रात 70 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन गंभीर रूप से झुलसे वृद्ध को पहले सीएचसी भदैंया, फिर मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर और वहां से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की बहू न भतीजे पर आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

गांव निवासी मुन्नर लाल सरोज (70) रविवार की रात भोजन करने के बाद बरामदे में सोने चले गए थे। रात करीब 12:30 बजे उनकी चीख सुनकर परिजन पहुंचे तो देखा कि वह आग की लपटों में घिरे हुए हैं। आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से आग बुझाकर उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां से लखनऊ भेजा गया, लेकिन ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।

सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। घटनास्थल से पांच लीटर का तेल का गैलन और माचिस की तिलियां बरामद हुईं। जिस तख्त पर बुजुर्ग सोए थे, उस पर बिछा बिस्तर भी जल चुका था। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्मदाह का लग रहा है, हालांकि कारण स्पष्ट नहीं है। बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार में लंबे समय से कलह चल रही थी।

वहीं, बहू ने भतीजे पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। थाना प्रभारी ज्ञानेश दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के पुत्र जमुना रविवार दोपहर दिल्ली गए थे, फिलहाल उनका मोबाइल स्विच ऑफ है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है।

यह भी पढ़ेंः PM Modi Kolkata Visit: प्रधानमंत्री मोदी तीन दिवसीय संयुक्त कमांडर सम्मेलन का करेंगे उद्धाटन, सुरक्षा मुद्दों पर होगी गहन चर्चा

संबंधित समाचार