Moradabad : चलती फिरती मौत बनने की कगार पर जुगाड़ के वाहन, हादसों के बावजूद नहीं जागे जिम्मेदार
मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर और आसपास की सड़कों पर जुगाड़ तकनीक से तैयार अवैध वाहन चलती-फिरती मौत बन गए हैं। मोटरसाइकिल के आगे का हिस्सा काटकर उसके पीछे ट्रॉली जोड़कर बनाए गए और कबाड़ से उठाए ऑटो रिक्शा की मरम्मत कर भार ढोने के लिए वाहन न सिर्फ यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, बल्कि हर दिन दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ा रहे हैं। लोग प्रशासन की चुप्पी और कार्रवाई न होने पर सवाल उठा रहे हैं।
रविवार को कबाड़ से लिए ऑटो रिक्शा को काम भर के लिए ठीक कर उसमें माल भरकर स्टेट हाईवे दिल्ली रोड पर फर्राटा भर रहे वाहन चालक स्टेशन रोड से दिल्ली रोड पर फव्वारा चौक पर खड़े ट्रैफिक पुलिस से सामने से निकल गया। किसी ने रोकने की जरूरत नहीं समझी। वहीं कांठ रोड मोटरसाइकिल डिस्कवर का पिछला हिस्सा काट कर पीछे भार ढोने के लिए लगे पटले पर 50 से अधिक घी के पीपे भर कर सरपट दौड़ा जा रहा था। जबकि कांठ रोड पर किले के सामने और हरथला में दोनों स्थानों पर बाइक सवारों की चेकिंग की जा रही थी।
भारी भरकम सामान,नियमों का पालन हल्का करते दौड़ रहे बेखौफ चालकों के अंदाज कुछ और ही इशारा कर रहा था। सामने से गुजर रहे ऐसे वाहनों पर रोक न लगाने की बात को लेकर रेड लाइट पर खेड़ और वाहन चालक भी आपस में चर्चा कर रहे थे। ये वाहन अक्सर अपनी क्षमता से कई गुना अधिक भार लादकर शहर की गलियों से लेकर नेशनल हाईवे तक दौड़ते हैं। बिना रजिस्ट्रेशन, बिना नंबर प्लेट और बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के सड़कों पर फर्राटा भरते ये जुगाड़ वाहन किसी भी मानक सुरक्षा नियम का पालन नहीं करते। कई बार ये अचानक खराब होकर सड़क के बीचों-बीच खड़े हो जाते हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ जाती है और हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
जरा से झटके में हो जाते हैं असंतुलित
पिछले कुछ महीनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें जुगाड़ वाहनों के कारण गंभीर दुर्घटनाएं हुईं। परिवहन विशेषज्ञों के अनुसार, इन वाहनों का डिजाइन असंतुलित होने के कारण जरा से झटके या ब्रेक लगाने पर पलट सकते हैं। इससे न केवल चालक बल्कि आस-पास के वाहन और पैदल यात्री भी खतरे में पड़ जाते हैं
नंबर प्लेट, हेलमेट और बिना रजिस्ट्रेशन के हो रहा संचालन
मोटरसाइकिल के कटे हिस्सों से बने जुगाड़ वाहन महानगर की सड़कों और हाईवे पर दौड़ रहे। बिना नंबर प्लेट, हेलमेट और रजिस्ट्रेशन के चालक बेखौफ चल रहे हैं। यह स्थिति न केवल ट्रैफिक व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि सड़क सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। प्रशासन के लिए यह जरूरी हो गया है कि सड़कों पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने लिए जल्द और कठोर कदम उठाए जाएं।
एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद गंगवार ने बताया कि काफी समय ये अभियान चलाया जा रहा है कई बार इस तरह के वाहनों की धरपकड़ जारी है। ऐसे में करूला क्षेत्र में ऐसे वाहनों का संचालन अधिक है तो वहां अभियान चला कर वाहनों को बंद किया जाएगा।
