जालौन में सपा का प्रदर्शन, बिजली दरों में बढ़ोत्तरी और स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों के चलते जमकर किया विरोध  

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

जालौन। उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के उरई में बिजली दरों में बढ़ोत्तरी और स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों के आरोप में साथ समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सपा जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर व सांसद नारायण दास अहिरवार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और बिजली विभाग व सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। उनका आरोप था कि स्मार्ट मीटर योजना भ्रष्टाचार से ग्रस्त है और उपभोक्ताओं को गलत व कई गुना बढ़े हुए बिजली बिल थमाए जा रहे हैं। 

इससे आम जनता व किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है और लोग कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही, जिससे सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है, जबकि बिल लगातार बढ़ते जा रहे हैं। विरोध प्रदर्शन के बाद सपा का प्रतिनिधिमंडल सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि बिजली बिलों की गड़बड़ियों को तत्काल सुधारा जाए, किसानों व घरेलू उपभोक्ताओं को राहत दी जाए और खेतों के लिए 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाए। 

साथ ही बिजली विभाग में फैले भ्रष्टाचार पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई। सपा सांसद नारायण दास अहिरवार ने सरकार पर जनता की जेब पर डाका डालने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि किसानों व उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी जनहित में उग्र आंदोलन करेगी। जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर ने भी कहा कि अगर गलत बिलों को संशोधित नहीं किया गया तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू होगा। 

जिलाधिकारी कार्यालय पर हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग की नीतियों को जनविरोधी करार देते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर और गलत बिलों से जनता का जीना मुहाल हो गया है। कार्यकर्ताओं ने चेताया कि यदि सरकार ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए तो समाजवादी पार्टी जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी। 

ये भी पढ़े : 
यूपी के जौनपुर में ट्रक को ओवरटेक करने के चलते बड़ा सड़क हादसा, छत्तीसगढ़ के 4 श्रद्धालुओं की मौत, 9 घायल

 

 

 

संबंधित समाचार