UP Samarth Campaign: 1.49 लाख से अधिक आए फीडबैक, युवाओं में ‘स्पेशल टेक्नोलॉजी सिटी’ का क्रेज
1,16,216 सुझाव के साथ अभी भी ग्रामीण क्षेत्रों के लोग सबसे आगे
लखनऊ, अमृत विचार: सरकार के महत्वाकांक्षी “समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश @ 2047” अभियान के तहत सोमवार तक 1.49 लाख से अधिक फीडबैक आए। इसमें युवाओं में ‘स्पेशल टेक्नोलॉजी सिटी’ का क्रेज दिखा। हालांकि ग्रामीण इलाकों में शिक्षा और स्वास्थ्य का मुद्दा अभी भी सबसे अधिक है।
कानपुर नगर के अभिषेक सिंह, महाराजगंज के राहुल गुप्ता और बांदा के योगेश मिश्रा ने स्पेशल टेक्नोलॉजी सिटी मॉडल का प्रस्ताव दिया है। युवाओं का मानना है कि चीन के शेन्ज़ेन की तर्ज पर प्रदेश में नई टेक सिटी विकसित की जाए, जिसका फोकस आईटी, एआई, साइबर सुरक्षा, ब्लॉकचेन और स्टार्टअप्स पर हो। नोएडा के अलावा अन्य प्रमुख जिलों में भी आईटी हब बनाने से स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और युवाओं का पलायन रुकेगा।
75 जनपदों में नोडल अधिकारियों एवं प्रबुद्धजनों ने विभिन्न वर्गों से संवाद किया। छात्र, शिक्षक, व्यवसायी, उद्यमी, कृषक, स्वयंसेवी संगठनों, श्रमिक संघों और आम जनता से मुलाकात कर विकास यात्रा और भावी रोडमैप पर चर्चा की गई। अभियान से जुड़े समर्थ पोर्टल (samarth uttarpradesh .up.gov.in) पर 1,49,223 फीडबैक दर्ज किए गए हैं। इनमें से 1,16,216 ग्रामीण क्षेत्रों से और 33,007 नगरीय क्षेत्रों से प्राप्त हुए हैं। आंकड़ों के अनुसार, 54,353 सुझाव 31 वर्ष से कम आयु वर्ग, 85,275 सुझाव 31-60 वर्ष आयु वर्ग और 9,595 सुझाव 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग से आए हैं।
विषयवार आंकड़ों में शिक्षा से जुड़े 55,010, नगरीय व ग्रामीण विकास से 25,878, स्वास्थ्य से 14,425, समाज कल्याण से 13,744 और कृषि क्षेत्र से 23,305 सुझाव प्राप्त हुए। सर्वाधिक 58,996 फीडबैक बलिया, कानपुर देहात, फर्रुखाबाद, जौनपुर, बलरामपुर, श्रावस्ती और गोरखपुर जनपदों से मिले।
प्रयागराज से पर्यटन विकास की मांग
प्रयागराज के हर्ष मिश्रा ने संगम नगरी की वैश्विक पहचान का हवाला देते हुए पर्यटन क्षेत्र को बेहतर बनाने की बात कही। उन्होंने डिजिटल गाइड, बहुभाषी ऐप्स, ई-मैप, किफायती धर्मशालाएं, ऑनलाइन बुकिंग और स्वास्थ्य केंद्र जैसी सुविधाएं विकसित करने का सुझाव दिया। साथ ही गंगा संरक्षण अभियान और हरित परिवहन को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
यह भी पढ़ेंः कैंब्रिज स्कूल को मिली उड़ाने की धमकी... बाथरूम में बम होने का आया मेल
