Bareilly : कोटेदार कर रहे मनमानी, राशन कार्डधारकों पर बना रहे घरेलू सामान खरीदने का दबाव
बरेली, अमृत विचार। कोटेदारों की आय बढ़ाने के लिए राशन की दुकान पर घरेलू सामान भी बाजार दाम में बेचने की सुविधा मिल गई है। अब कोटेदार इसका नाजायज फायदा उठा रहे हैं। कोटेदार राशनकार्ड धारकों पर जबरन सामान लेने का दबाव बना रहे हैं। इसको लेकर अधिकारियों के पास भी हर रोज शिकायतें पहुंच रही हैं। पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच कराने को कहा है।
खाद्य एवं रसद विभाग के संयुक्त सचिव संत लाल की तरफ से आदेश जारी किए गए थे कि कोटेदार अपनी आय बढ़ाने के लिए राशन की दुकान पर साबुन, शैम्पू, पेन कॉपी, टॉर्च, सूखे मेवे, झाडू, दीवार घड़ी, पैक्ड मिठाई, पोंछा, माचिस, मसाले, ताला, रस्सी, छाता, पानी पाइप, बच्चों के कपड़े, रेनकोट, राजमा, वॉल हैंगर, हैंडवॉश, बाथरूम क्लीनर, शेविंग किट बेच सकते हैं। सितंबर माह का राशन वितरण शुरू होने के साथ ही कोटेदारों ने बाजार से सामान खरीदकर उसे अपनी दुकान पर रख लिया।
अब जिला आपूर्ति कार्यालय में शिकायतें पहुंच रही हैं कि कोटेदार अतिरिक्त 100 रुपये की मांग करके उस कीमत का सर्फ और साबुन उन्हें जबरन थमा रहे हैं। कोटेदार कह रहे हैं कि सरकार की तरफ से राशन के साथ इन चीजों की ब्रिकी करने को कहा गया है। जिला पूर्ति अधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि कार्यालय में इस तरह की शिकायत आ रही हैं। इसमें उन्होंने जांच के आदेश दिए हैं। अगर कोटेदार जबरन सामान बेच रहे हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
