जिला अस्पताल में देर रात बवाल...सुरक्षा गार्डों और पैथोलॉजी संचालक के बीच जमकर मारपीट, वीडियो वायरल
बलरामपुर, अमृत विचार। जिला मेमोरियल अस्पताल में सोमवार देर रात एक बड़ी घटना सामने आई, जब अस्पताल परिसर देखते ही देखते अखाड़े में तब्दील हो गया। रात करीब 10:30 बजे नशे में धुत सुरक्षा गार्डों और पैथोलॉजी संचालक तथा उसके सहयोगियों के बीच जमकर मारपीट हुई।
इस दौरान लाठी-डंडे भी चले और अस्पताल का माहौल अफरा-तफरी में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मेमोरियल अस्पताल के सामने स्थित आशीष पैथोलॉजी के संचालक आशीष की किसी बात को लेकर अस्पताल के सुरक्षा गार्डों से कहासुनी हो गई।
मामला इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि आशीष अपने कुछ साथियों के साथ अस्पताल पहुंचा और सुरक्षा गार्डों के साथ मारपीट करने लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मारपीट के आरोपी पैथोलॉजी संचालक आशीष और सुरक्षागार्ड को कोतवाली ले आई।
घटना का एक वीडियो अस्पताल परिसर में मौजूद किसी व्यक्ति द्वारा मोबाइल से रिकॉर्ड किया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मारपीट और हंगामे की पूरी घटना स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है। हलांकि अमृत विचार वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।जिला मेमोरियल अस्पताल के सीएमएस शारदा रंजन ने बताया कि अभी उन्हें इस संबंध में जानकारी नहीं है।पूरी घटना की जानकारी की जा रही है।सारी बातें स्पष्ट होने के बाद कुछ कहा जाएगा।
ये भी पढ़े :
