Bareilly : फेसबुक पर लिखा लॉरेंस बिश्नोई जिंदाबाद, बैंक मैनेजर को भी धमकाया, अब पकड़ा गया खुराफाती
बरेली, अमृत विचार। पुलिस अभी दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाले बदमाशों की तलाश में जुटी है, मगर खुराफाती सोशल मीडिया पर उल्टे सीधे पोल्ट लिखने से बाज नहीं आ रहे। पुलिस ने ऐसे ही एक शख्स को गिरफ्तार किया। राज कश्यप नाम के व्यक्ति ने अपने फेसबुक अकाउंट पर गोल्डी बरार जिंदाबाद और लॉरेंस बिश्नोई जिंदाबाद लिखा तो पुलिस के भी कान खड़े हो गए। राज ने एक बैंक मैनेजर को भी धमकी दी, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
दरअसल बारादरी थाना क्षेत्र संजय नगर के रहने वाले राज कश्यप के फेसबुक अकाउंट से कई वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर डाले गए। उसने दूसरे समुदाय के एक बैंक मैनेजर पर कार्रवाई की मांग की। धमकी देते हुए कहा कि 11 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो वह बैंक मैनेजर को जान से मार देगा। उसने दिशा पाटनी की खबर भी अपने इन पोस्ट के साथ शेयर की और गोल्डी बरार व लॉरेंस बिश्नोई के नाम का इस्तेमाल धमकी के लिए इस्तेमाल किया। उसने अपने पोस्ट में लिखा कि गोल्डी बरार जिंदाबाद, काम शुरू हो चुका है। जो भी रास्ते में आएगा मौत की नींद सो जाएगा। लॉरेंस बिश्नोई जिंदाबाद, नाथूराम गोडसे जिंदाबाद।
उधर इस मामले के बाद पुलिस हरकत में आई, आरोपी को पकड़कर उसकी जांच की गई तो पता चला कि राज कश्यप नशेड़ी किस्म का व्यक्ति है। उसका बैंक मैनेजर से विवाद हुआ था। जिसके बाद नशे में धमकी भरी पोस्ट सोशल मीडिया पर दी। पहले कई मामलों में उसके खिलाफ बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज है। पूर्व में उसने अपने भाई और पिता पर भी हमला किया था। थाना बारादरी प्रभारी धनंजय पाण्डेय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।
