Election News: एक ही बूथ पर हों परिवार के सभी सदस्यों के नाम, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता सूची को त्रुटिरहित अपडेट करने पर जोर
लखनऊ, अमृत विचार: विधानसभा मतदाता सूची को शुद्ध करने के लिए राजधानी में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में अधिकारियों को तमाम बारीक जानकारियां दी गईं। प्रत्येक मतदेय स्थल पर अधिकतम 1200 मतदाता और परिवार के सदस्यों का नाम एक ही पोलिंग बूथ पर सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सूची को त्रुटिरहित बनाने, बीएलओ की नियुक्ति नियमानुसार करने और राजनीतिक दलों के साथ बैठक करने पर जोर भी दिया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण में भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रमों और दिशा-निर्देशों से भी अवगत कराया गया। मतदाता सूची अपडेट करने, मतदेय स्थलों का संभाजन करने और निर्वाचन संबंधी कानूनों की भी जानकारी दी गई। निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को ईआरओ नेट, बीएलओ एप और वोटर हेल्पलाइन एप की जानकारी दी गई। नागरिकों से फार्म भरवाते समय सही जानकारी दर्ज कराने और फार्म-6, 7 व 8 से संबंधित जानकारी प्रसारित करने के लिए कहा गया। इससे पूर्व अब तक सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों और 403 विधानसभाओं के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। साथ ही, मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रत्येक जिले से एक-एक सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) और बीएलओ प्रशिक्षित हो चुके हैं।
यह भी पढ़ेंः PM Modi Birthday: ‘मैं चाय वाला हूं, चाय मैं पिलाऊंगा’, मदन राठौड़ ने साझा किया दिलचस्प किस्सा
