UP : विदेश भेजने के नाम पर ठगे 25 लाख, फिर पंचायत में खुलेआम दी धमकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर,अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बगिया करमचा निवासी जगप्रीत सिंह ने पुलिस अधीक्षक के लिए एक शिकायत पत्र भेजा। पत्र में बताया कि जिला बरेली स्थित थाना बहेड़ी के एक गांव निवासी दो युवक और जिला शाहजहांपुर के एक गांव निवासी एक युवक उसके परिचित हैं।
                     
तीनों युवक 25 अक्टूबर 2023 को उसके घर आए। उससे कहा कि वह विदेश जाना चाहे तो उसे अमेरिका या कनाडा भिजवा सकते हैं। उन लोगों ने दावा किया कि वह 50 से अधिक लोगों को विदेश भेज चुके हैं। उसे झांसा दिया कि 25 लाख रुपये का इंतजाम होने पर वह विदेशी एजेंट से कहकर 6 या 7 महीने के अंदर वीजा दिलवा देंगे। कुछ दिनों बाद वह तीनों 1 नवंबर 2023 को अपने साथ एक महिला और एक पुरुष को लेकर कार से उसके घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि महिला और पुरुष कनाडा में रहते हैं। दोनों इस समय भारत आए हुए हैं। उसी दिन सभी उसके घर पर रुके। उनकी बातचीत से प्रभावित होकर उसे उनकी बात पर विश्वास हो गया। उसने उन लोगों के खाते में 10 लाख 40 हजार रुपये जमा कर दिए। शेष रकम वीजा मिलने पर देने का वादा हुआ। 

कई महीने बीत जाने के बाद भी उसे वीजा नहीं भिजवाया। उसने उन लोगों से वीजा दिलाने के लिए कहा तो वह टालमटोल करते रहे। इसके बाद उसे उन पर शक हुआ। उसने अपने रुपए वापस मांगे।लोगों ने 50-50 हजार रूपये के दो चेक उसे दे दिए। उसने बैंक में चेक जमा किए तो पता चला खाते में रुपए ही नहीं है। जब वह उन लोगों के पास पहुंचा तो उन्होंने 10 हजार रूपये उसके खाते में ट्रांसफर कर दिए। लेकिन अन्य रुपए नहीं दिए। उसके कहने पर गांव में 10 सितंबर को पंचायत हुई। 

पंचायत में उन लोगों ने रुपए वापस नहीं करने और जान से मारने की उसे धमकी दी। पीड़ित ने आशंका जताई कि वीजा बनाने के नाम पर उन लोगों ने जो प्रमाण पत्र और कागजात की फोटो कापी उससे ली है उनका दुरुपयोग कर सकते हैं। उसने कोतवाली में तहरीर दी लेकिन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से ठगी किए गए रुपए वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।

संबंधित समाचार