Bareilly : दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वालों की पहचान को एटीएम के भी खंगाले जा रहे फुटेज
बरेली, अमृत विचार। फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग के मामले में पुलिस को आशंका है कि गैंगस्टरों ने भाड़े के शूटरों से फायरिंग कराई है। पुलिस टीम चौपला, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा समेत आस-पास के एटीएम के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही उस समय के आगे-पीछे हुए ट्रांजेक्शन के भी डिटेल खंगाली जा रही है।
आशंका है कि शूटरों को वारदात के बाद कैश मुहैया कराया गया होगा। उधर, पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में शीशगढ़ से बिलासपुर की तरफ जाते हुए शूटर दिखाई दिए हैं। ऐसे में पुलिस टीम रुद्रपुर में दस्तक दे दी है। शूटरों का स्केच भी लगभग तैयार कर लिया गया है। इसे पुलिस कभी भी जारी कर सकती है।
सिविल लाइंस निवासी फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के पिता और रिटायर्ड सीओ जगदीश पाटनी के घर 11 सितंबर को तड़के करीब 4:33 से 4:35 बजे बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की थी। फायरिंग के समय घर में पत्नी पद्मा पाटनी और बेटी पूर्व मेजर खुशबू पाटनी समेत जगदीश का भतीजा मौजूद था। उसके बाद 12 सितंबर को करीब 3:30 बजे उनका पालतू कुत्ता अचानक भौंकने लगा।
उसकी आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई। उनका कहना है कि पहले दिन की घटना से वह पूरी तरह से सजग भी थे। जैसे ही वह बालकनी में आए कि बदमाश ब्रस्ट फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। हमलावरों की तलाश में पुलिस की छह टीमों समेत एसटीएफ की भी टीमें लगाई गई हैं। पुलिस गांडीव पोर्टल और त्रिनेत्र ऐप के जरिये बदमाशों के हुलिये के अनुसार चिन्हित कर रही है। पुलिस को सुदर्शन पोर्टल के जरिये सोशल मीडिया पर दिशा पाटनी समेत उनके परिवार से संबंधित पोस्ट करने में 33 संदिग्ध अकाउंट मिले हैं। इनमें ज्यादातर राजस्थान, मध्यप्रदेश समेत यूपी में सक्रिय हैं। इनका इस्तेमाल करने वालों का ब्योरा जुटाया जा रहा है।
पेंट लगाकर छुपाया नंबर प्लेट, बिलासपुर के रास्ते भागे उत्तराखंड
पुलिस टीम ने करीब तीन हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला है। इसके बाद भोजीपुरा टोल प्लाजा के आगे की कड़ी जोड़ने में सफलता मिली है। दोनों शूटर अपाचे बाइक की नंबर प्लेट पर पेंट लगाकर नंबर छिपा दिए थे। साथ ही भोजीपुरा टोल के बाद देवरनियां के आस-पास के ग्रामीण इलाकों से होकर शीशगढ़ पहुंचे थे। शीशगढ़ में एक फुटेज में हमलावर दिखाई दिए हैं। इसके बाद बिलासपुर के रास्ते उत्तराखंड में पहुंच गए। पुलिस को आशंका है कि दोनों शूटर रुद्रपुर में शरण लिए हुए हैं। इसके मद्देनजर पुलिस की एक टीम ने रुद्रपुर में डेरा डाल दिया है। साथ ही कई संदिग्धों के यहां दस्तक भी दी। फिलहाल शूटर अभी तक पुलिस के हाथ नहीं आए हैं। दावा है कि बहुत जल्द दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिल्ली से मिला इनपुट, घुमावदार रूट चुनता है गिरोह
एसएसपी की एक पुलिस टीम दिल्ली में डेरा जमाए हुए है। दिल्ली पुलिस समेत अन्य सोर्सों से टीम को इनपुट मिला है कि इस गिरोह के लोग वारदात के बाद जानबूझ कर घुमावदार रूट चुनते हैं। कई जगह यू-टर्न लेकर उसी रास्ते को पकड़कर दोबारा से आगे जाते हैं, जिससे पुलिस उन्हें ट्रैस न कर सके। यही वजह है कि दोनों शूटर भी कई ऐसे स्थान पर दिखाई दिए हैं। जहां पुलिस को अपेक्षा नहीं थी। गैंग का पैटर्न भी पता चला है कि घटना के बाद काफी देर तक उल्टी सीधी-दिशा में भागते हैं, जिससे पुलिस सीसीटीव फॉलो न कर सके, इसलिए पुलिस ने दोबारा से ऐसी कई जगह के कैमरों को खंगाला है जहां से जाने की कोई अपेक्षा नहीं थीं।
पंजाब-हरियाणा समेत दिल्ली में मिला 515 अपराधियों का अल्बम
एसएसपी की टीमें अलग-अलग प्रदेशों में दस्तक दे चुकी हैं। साथ ही वह गिरोह के सरगना समेत सदस्यों की कुंडली खंगाल रही हैं। ऐसे में पुलिस टीम को पंजाब और राजस्थान से 335 और हरियाणा समेत दिल्ली से 180 अपराधियों के अल्बम मिले हैं। पुलिस ने इन सभी के फोटो और नाम समेत पता भी जुटाई है। जो पूर्व में इस तरह के गैंगों के साथ जुड़े रहे हैं। इनमें से जो जमानत पर हैं। साथ ही इन सभी की उम्र 25 से 30 की है। दरअसल, फायरिंग करने वाले शूटरों की भी उम्र यही थी। यही वजह है कि इसी उम्र के लोगों की कुंडली पुलिस खंगाल रही है। उधर, एसएसपी ने साफ किया है कि इस प्रकरण में फोरेंसिक रिपोर्ट अभी नहीं आई है। असलाह मिलने पर ही मौके पर मिले खोखों से मिलान किया जा सकेगा।
वीरेंद्र इटली, दुबई समेत तुर्की का कर चुका है हवाई यात्रा
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि राजस्थान के गांव गोगासर चारण जिला चुरु निवासी वीरेंद्र चारण 4 मई 2024 से लापता है। उसने फर्जी कागजातों के सहारे दिलीप रजक के नाम से फर्जी पासपोर्ट समेत अन्य दस्तावेज बनवाया। इस पासपोर्ट पर उसने इटली, दुबई समेत तुर्की की कई बार यात्रा की है। वह एक बार 12 किलो हेरोइन के साथ अनूपगढ़ राजस्थान में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके सभी दस्तावेजों को भी पुलिस ने सत्यापन करा लिया है। वह मौजूदा समय में विदेश में बैठा है। पुलिस गिरोह की लगभग कुंडली तैयार कर ली है। जल्द ही फायरिंग के आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाएगी।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग प्रकरण में रेलवे स्टेशन से लेकर बस अड्डे के आस-पास के एटीएम के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पंजाब-हरियाणा और दिल्ली से कुल 515 अपराधियों के अल्बम मिले हैं। इन सभी की कुंडली खंगाली जा रही है। जल्द ही शूटर सलाखों के पीछे होंगे।
